आर्थिक तंगी, परिवार की जिम्मेदारियां और लगातार संघर्ष के बावजूद मीनाक्षी भाटिया ने हार नहीं मानी। उनकी मेहनत ने टिफिन डिलीवरी से डिप्टी कलेक्टर तक का सफर तय करा दिया।
पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी मां के कंधों पर आ गई। मीनाक्षी ने छोटी उम्र में ही मां का साथ देने का फैसला किया।
मीनाक्षी अपनी मां और बहन के साथ घरों और सरकारी दफ्तरों में टिफिन पहुंचाती थीं। उसी दौरान उन्होंने एक दिन अधिकारी बनने का सपना देखा।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद मीनाक्षी ने 10वीं और 12वीं में ऋषिकेश टॉप किया। पढ़ाई और जिम्मेदारियों को उन्होंने साथ-साथ निभाया।
पोस्टग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। लगातार अभ्यास और सही रणनीति उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी।
प्रीलिम्स, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में शानदार प्रदर्शन करते हुए मीनाक्षी ने UKPSC परीक्षा में पांचवीं रैंक हासिल कर अपना सपना पूरा किया।
आज मीनाक्षी उसी ऋषिकेश में डिप्टी कलेक्टर हैं जहां कभी वह टिफिन पहुंचाने जाती थीं। उनकी कहानी मेहनत, शिक्षा और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देती है।