इटली में महंगाई, कम वेतन और बजट नीतियों के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। 100 से ज्यादा शहरों में मजदूरों और छात्रों ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।
बढ़ती महंगाई और कम वेतन से नाराज मजदूरों और छात्रों ने 24 घंटे की आम हड़ताल की। देशभर में सरकार की आर्थिक नीतियों का विरोध हुआ।
रोम, मिलान, ट्यूरिन, नेपल्स और पलेर्मो समेत कई शहरों में लोगों ने मार्च निकाला। छात्र संगठनों ने भी आंदोलन में हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने बेहतर वेतन, महंगाई पर नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि आमदनी के मुकाबले खर्च लगातार बढ़ रहा है।
राजधानी रोम में कुछ प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्रालय की इमारत की ओर चीजें फेंकीं। ऐतिहासिक कोलोसियम के सामने भी बड़ी संख्या में लोगों ने मार्च किया।
देशव्यापी हड़ताल के कारण बस, ट्रेन और स्कूल सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई गई। कई शहरों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
मजदूरों और छात्रों के आंदोलन को विपक्षी नेताओं का समर्थन मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की आर्थिक और सामाजिक नीतियों पर सवाल उठाए।