महाराष्ट्र-कर्नाटक विवाद गहराया, बस सेवा ठप, पुणे में कर्नाटक की गाड़ियों पर शिवसेना कार्यकर्ताओं का विरोध

महाराष्ट्र-कर्नाटक विवाद गहराया, बस सेवा ठप, पुणे में कर्नाटक की गाड़ियों पर शिवसेना कार्यकर्ताओं का विरोध
अंतिम अपडेट: 6 घंटा पहले

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच एक बार फिर भाषा विवाद ने तूल पकड़ लिया है। बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) के एक बस कंडक्टर पर हमले के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।

मुंबई/बेंगलुरु: महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच एक बार फिर भाषा विवाद ने तूल पकड़ लिया है। बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) के एक बस कंडक्टर पर हमले के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। जवाबी कार्रवाई में महाराष्ट्र में भी विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं। पुणे में शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक की नंबर प्लेट वाली बसों पर कालिख पोत कर विरोध जताया। 

इसी के चलते महाराष्ट्र सरकार ने यात्रियों और बस कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर कर्नाटक जाने वाली सभी बस सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया हैं।

क्या है पूरा विवाद?

22 फरवरी को बेलगावी में एक बस में यात्रा कर रही लड़की और बस कंडक्टर बसवराज महादेव हुक्केरी के बीच भाषा को लेकर विवाद हो गया। लड़की ने मराठी में संवाद करने की मांग की, लेकिन कंडक्टर ने जवाब दिया कि वह केवल कन्नड़ जानता है। इस पर लड़की ने आपत्ति जताई और बहस बढ़ गई। कुछ देर बाद ही कुछ लोगों ने कंडक्टर पर हमला कर दिया।

इस घटना के बाद कर्नाटक में भी विरोध शुरू हो गया। कन्नड़ समर्थक संगठनों ने महाराष्ट्र परिवहन निगम (MSRTC) की बसों को निशाना बनाया। चित्रदुर्ग में महाराष्ट्र की एक बस पर कालिख पोतने और ड्राइवरों से बदसलूकी की खबरें सामने आईं।

महाराष्ट्र सरकार का सख्त रुख

महाराष्ट्र सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कर्नाटक सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि "हम अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। जब तक कर्नाटक सरकार स्पष्ट रुख नहीं अपनाती, महाराष्ट्र से कर्नाटक जाने वाली बस सेवाएं बंद रहेंगी।"

पुणे में शिवसेना (यूबीटी) का उग्र प्रदर्शन

इस घटना के विरोध में पुणे के स्वर्गेट बस स्टैंड पर शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक की बसों पर कालिख पोत दी। प्रदर्शनकारियों ने कर्नाटक सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महाराष्ट्र सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की। कर्नाटक पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही विवादित कंडक्टर पर पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया हैं।

Leave a comment