Dublin

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली चुनावी मैदान में AAP की एंट्री, आज जारी हो सकती है उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

🎧 Listen in Audio
0:00

दिल्ली में आज आम आदमी पार्टी (AAP) की PAC बैठक होगी, जिसमें विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने की संभावना है। पार्टी की तैयारियां जोरों पर हैं।

Delhi Election: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। आज पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक होगी। इस बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी और उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने की संभावना है। हालांकि चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन तैयारियां जोरों पर हैं।

नेताओं का बदलता दल

चुनाव से पहले दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। हाल ही में आप के पूर्व नेता और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। वहीं, बीजेपी के पूर्व नेता और दो बार विधायक रहे अनित झा आप में शामिल हो गए। इससे पहले बीजेपी के तीन बार विधायक रह चुके ब्रह्म सिंह तंवर ने भी AAP का हाथ थामा था।

फरवरी में संभावित हैं चुनाव

दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025 में होने की संभावना है, क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। हालांकि, चुनाव इससे पहले भी कराए जा सकते हैं। फिलहाल दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया। आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं।

बीजेपी ने भी तेज की चुनावी तैयारियां

विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने भी अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी ने मजबूत पकड़ और अच्छी छवि वाले पार्षदों को चुनावी मैदान में उतारने की योजना बनाई है। प्रचार-प्रसार को लेकर बीजेपी आगामी हफ्तों में अपनी गतिविधियां और तेज करेगी।

2020 में AAP की शानदार जीत

2020 के विधानसभा चुनाव में AAP ने 62 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार किया था। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में पार्टी को 53.57% वोट मिले थे। बीजेपी ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी और उसे 38.51% वोट मिले थे। कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, जिसे सिर्फ 4.26% वोट मिले।

दिल्ली की राजनीति पर नजर

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर आगामी चुनाव में AAP और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद है। दोनों ही पार्टियां चुनाव से पहले अपने मजबूत उम्मीदवारों और प्रभावी रणनीतियों के जरिए वोटरों को साधने की कोशिश में जुट गई हैं।

Leave a comment