Haryana Election: हरियाणा में तीसरी बार बनेगी बीजेपी की सरकार, चुनाव जीत पर पीएम मोदी ने नायब सैनी को दी बधाई

Haryana Election: हरियाणा में तीसरी बार बनेगी बीजेपी की सरकार, चुनाव जीत पर पीएम मोदी ने नायब सैनी को दी बधाई
Last Updated: 7 घंटा पहले

हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है, और लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को फोन कर जीत की बधाई दी।

Haryana: हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम अब लगभग स्पष्ट हो चुके हैं। वर्तमान रुझानों से यह स्पष्ट हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को फोन कर उन्हें बधाई दी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भाजपा तीसरी बार हरियाणा की सेवा के लिए तैयार है।" हरियाणा में भाजपा एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है। रुझानों के अनुसार, भाजपा राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है। नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव जीत चुके हैं।

सीएम सैनी को 16,054 मतों से मिली जीत

उन्हें 16,054 मतों के अंतर से जीत मिली है। सीएम सैनी ने कांग्रेस के उम्मीदवार मेवा सिंह को हराया। हरियाणा चुनाव में भाजपा के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई।"

सीएम नायब सैनी ने की पीएम मोदी की प्रशंसा

हरियाणा में भाजपा की जीत पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों और अपनी सरकार के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने इसे "विकसित हरियाणा-विकसित भारत" की संकल्पना को समर्पित जीत बताते हुए कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा सरकार के डबल इंजन मॉडल पर भरोसा जताया है। सैनी ने राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया और 'नेशन फर्स्ट' की भावना के तहत काम करने का संकल्प दोहराया।

सीएम धामी ने दी बधाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, "किसानों और जवानों ने जोश के साथ हुंकार भरी है। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार शानदार जीत हासिल की है। मैं सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

यह शानदार जीत पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए अद्वितीय कार्यों और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ऊर्जावान नेतृत्व पर देवतुल्य जनता द्वारा लगाए गए विश्वास की मोहर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हरियाणा की यह विकास यात्रा इसी तरह जारी रहेगी।"

Leave a comment