Columbus

लालू परिवार में दूसरी बार गूंजी किलकारी: तेजस्वी यादव फिर बने पिता, पुत्र रत्न ने बढ़ाई रौनक

🎧 Listen in Audio
0:00

तेज प्रताप यादव को लेकर चल रही पारिवारिक और राजनीतिक तनातनी के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के घर में खुशियों की लहर दौड़ गई है। लालू प्रसाद दूसरी बार दादा बन गए हैं, क्योंकि उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बन गए हैं। उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है।

पटना: बिहार की राजनीति में अहम चेहरा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बन गए हैं। इस बार उनके घर बेटे ने जन्म लिया है। इससे पहले साल 2023 में तेजस्वी यादव को बेटी कात्यायनी के रूप में पहली संतान का सुख मिला था। अब पुत्र रत्न की प्राप्ति से न केवल यादव परिवार में उत्सव जैसा माहौल है, बल्कि यह खबर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए भी हर्ष का कारण बनी हुई है।

बेटे के जन्म की जानकारी खुद दी सोशल मीडिया पर

तेजस्वी यादव ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' और फेसबुक पर बेटे के जन्म की जानकारी साझा की। उन्होंने अपने नवजात बेटे की एक तस्वीर भी साझा करते हुए लिखा, सुप्रभात! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और खुश हूं। जय हनुमान! तेजस्वी की यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और बधाइयों का तांता लग गया।

कोलकाता में हुआ पुत्र रत्न का जन्म

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव ने कोलकाता के एक नामी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बेटे के जन्म से एक दिन पहले सोमवार को ही लालू प्रसाद यादव और परिवार के अन्य सदस्य पटना से कोलकाता रवाना हुए थे। पुत्र रत्न की खबर से लालू परिवार में लंबे समय बाद सकारात्मक माहौल बना है, खासकर तब जब परिवार हाल ही में एक गंभीर विवाद से गुजरा है।

राजद के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी तेजस्वी को शुभकामनाएं दी गईं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पुत्र रत्न की प्राप्ति और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को पुनः दादा बनने की हार्दिक शुभकामनाएं। समस्त राजद परिवार की ओर से बधाई और शुभकामनाएं।

तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने भी अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर खुशी जताते हुए लिखा, जूनियर टूटू को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद। यह 'जूनियर टूटू' नाम तेजस्वी के बचपन के नाम की तरफ इशारा करता है।

राजनीतिक तूफान के बीच आई सुखद खबर

गौरतलब है कि यह पारिवारिक खुशी उस वक्त आई है जब तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव हाल ही में विवादों में घिरे हुए थे। तेज प्रताप की एक लड़की के साथ तस्वीर और पोस्ट वायरल होने के बाद लालू यादव ने उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। लालू प्रसाद ने सार्वजनिक रूप से लिखा था कि तेज प्रताप के व्यक्तिगत आचरण और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पार्टी की छवि के अनुकूल नहीं हैं, इसलिए उन्हें छह वर्षों के लिए राजद से निलंबित किया जाता है।

Leave a comment