Weather Update: मार्च की शुरुआत में बदला मौसम का मिजाज; दिल्ली में गिरा न्यूनतम तापमान, कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

🎧 Listen in Audio
0:00

मार्च की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी दस्तक देने लगी है।

मौसम: मार्च की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी दस्तक देने लगी है। राजस्थान में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं। कश्मीर में बारिश और बर्फबारी हुई है, जबकि उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना हैं।

दिल्ली में गिरा न्यूनतम तापमान

दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों तक 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे हल्की ठंडक बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास बना रहेगा। राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 124 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता हैं।

यूपी में दिन गर्म, रातें ठंडी

उत्तर प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि, रात के समय हल्की ठंडक बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। 5 और 6 मार्च को 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत कई शहरों में दिन का तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता हैं।

बिहार में गर्मी की आहट

बिहार में हाल ही में हुई हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बाद अब गर्मी की आहट होने लगी है। बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में मार्च के मध्य से लू चलने की संभावना जताई गई है। IMD पटना के अनुसार, 5 मार्च तक अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहेगा। 6 और 7 मार्च को हल्की गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद गर्मी बढ़ेगी।

राजस्थान में फिर होगी बारिश?

राजस्थान में पिछले दिनों बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन अब मौसम साफ हो गया है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 4 और 5 मार्च को उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। बीकानेर, जोधपुर, और शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि, 7 मार्च के बाद फिर से तापमान में वृद्धि होगी।

कश्मीर में बारिश और बर्फबारी

कश्मीर में बीते 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई है। लद्दाख के कारगिल और द्रास में भी बर्फबारी जारी है। वहीं, उत्तराखंड में अगले 24 घंटों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्की ठंड बनी रह सकती है, जबकि बिहार और राजस्थान में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड बरकरार रहने की संभावना हैं।

Leave a comment