SECL दीपका खदान में ब्लास्टिंग हादसा में हुई किसान की मौत, शव रखकर किया प्रदर्शन

SECL दीपका खदान में ब्लास्टिंग हादसा में हुई किसान की मौत, शव रखकर किया प्रदर्शन
AI IMAGE

कोरबा की दीपका खदान में हैवी ब्लास्टिंग के दौरान उछले पत्थर से किसान की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। SECL ने 10 लाख मुआवजा और नौकरी की घोषणा के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

Chhattisgarh: कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की खदान में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। हैवी ब्लास्टिंग के दौरान उछला एक बड़ा पत्थर पास से गुजर रहे किसान के सिर पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रेकी गांव निवासी लखन लाल पटेल (60) के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे।

इलाज से पहले ही तोड़ा दम

परिजनों के अनुसार, लखन लाल पटेल बुधवार सुबह हरदीबाजार में अपने साढ़ू भाई के घर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वे पैदल अपने गांव रेकी लौट रहे थे। इसी दौरान दीपका खदान में हो रही हैवी ब्लास्टिंग से उछला पत्थर उनके सिर पर आकर लगा।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीबाजार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव रखकर देर रात तक प्रदर्शन

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को रखकर देर रात तक प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो करीब रात 11 बजे तक चलता रहा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल और CISF के जवानों को तैनात किया गया। इस दौरान मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह गाड़ी के नीचे बैठकर बिलखती नजर आई, जिससे माहौल बेहद भावुक हो गया। 

लगातार चले आंदोलन के बाद SECL प्रबंधन ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। 

Leave a comment