अब नया फोन खरीदने से पहले घर पर ही ट्राई करें, कंपनी ने शुरू की खास सर्विस

Lava Agni 4 20 नवंबर को लॉन्च होगा। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू में डेमो एट होम सर्विस से यूजर्स घर बैठे फोन ट्राई कर सकेंगे।

लावा अपने नए स्मार्टफोन Lava Agni 4 को 20 नवंबर को लॉन्च कर रही है और इसके साथ डेमो एट होम सर्विस शुरू की गई है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के यूजर्स फोन को खरीदने से पहले घर पर मंगवाकर ट्राई कर सकेंगे। यह पहल कंपनी के स्टोर जैसा अनुभव घर बैठे देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

Lava Agni 4: लावा ने दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू में 20 नवंबर से अपने नए फोन Lava Agni 4 के लिए डेमो एट होम सर्विस शुरू करने का फैसला किया है। कंपनी इस पहल के तहत चयनित यूजर्स के घर इंजीनियर भेजकर उन्हें नया फोन दिखाएगी, ताकि वे खरीद से पहले उसका पूरा अनुभव ले सकें। यह सेवा इसलिए शुरू की गई है ताकि ग्राहक बिना जोखिम के यह समझ सकें कि फोन उनकी जरूरतों के अनुरूप है या नहीं। लावा इस पहल को भारतीय बाजार में एक नए ग्राहक-अनुभव मॉडल के रूप में पेश कर रही है।

घर बैठे मिलेगा डेमो, खरीदना जरूरी नहीं

कंपनी के मुताबिक, ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन फॉर्म भरकर इस सर्विस के लिए आवेदन कर सकते हैं। शॉर्टलिस्ट किए गए यूजर्स के घर कंपनी का इंजीनियर नया Lava Agni 4 लेकर पहुंचेगा और फोन का पूरा डेमो देगा। यह प्रक्रिया बिल्कुल मुफ्त होगी और यूजर चाहे तो बिना खरीदे फोन वापस लौटा सकता है।

लावा का कहना है कि यह पहल ऑफलाइन स्टोर जैसा एक्सपीरियंस सीधे यूजर के घर तक पहुंचाने के लिए बनाई गई है। इससे खरीदार तय कर पाएंगे कि फोन उनकी जरूरतों के हिसाब से ठीक बैठता है या नहीं। फिलहाल यह सुविधा सिर्फ तीन बड़े शहरों में शुरू की गई है, लेकिन जरूरत के आधार पर बाद में इसे बढ़ाया जा सकता है।

Lava Agni 4 के एक्सपेक्टेड फीचर्स

Lava Agni 4 में 6.78 इंच का बड़ा AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। यह डिस्प्ले कंपनी का अब तक का सबसे स्मूद पैनल बताया जा रहा है। डिजाइन भी बदला गया है और फोन मेटल फ्रेम तथा हॉरिजॉन्टल पिल-शेप्ड कैमरा मॉड्यूल के साथ आ सकता है।

प्रोसेसर की बात करें तो इसमें मीडियाटेक डायमेंसिटी 8350 चिपसेट मिलने की संभावना है। खास बात यह है कि इस बार लावा फोन में आईफोन जैसा एक्शन बटन भी दे सकती है, जिसे यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से कस्टमाइज कर सकेंगे। यह पहली बार है जब भारतीय ब्रांड इस तरह की सुविधा देने जा रहा है।

कैमरा, बैटरी और परफॉर्मेंस

Lava Agni 4 में डुअल रियर कैमरा सेटअप होने की उम्मीद है, जिसमें 50MP OIS प्राइमरी कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल हो सकता है। फ्रंट में भी 50MP कैमरा दिया जा सकता है, जो इस कीमत वाले सेगमेंट में बड़ी पेशकश मानी जाएगी। फोन में डुअल व्यू वीडियो, डॉक्यूमेंट करेक्शन जैसे मोड भी देखने को मिल सकते हैं।

बैटरी की बात करें तो कंपनी इस मॉडल को 7,000mAh पैक के साथ पेश कर सकती है। यह लंबी बैकअप वाली बैटरी होगी, जिसमें तेज चार्जिंग का सपोर्ट दिया जा सकता है। बड़े बैटरी पैक और पावरफुल चिपसेट के चलते फोन लंबे समय तक परफॉर्म करने में सक्षम होगा।

कितनी हो सकती है कीमत और किससे होगा मुकाबला

रिपोर्ट्स के अनुसार Lava Agni 4 के 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 24,000 से 25,000 रुपये के बीच रखी जा सकती है। इस सेगमेंट में इसका मुकाबला Samsung Galaxy A26 5G से होगा। सैमसंग के इस फोन में Exynos 1380 चिपसेट, 5000mAh बैटरी और 50MP डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है।

कीमत की बात करें तो Samsung Galaxy A26 5G की कीमत 23,999 रुपये है। फीचर्स और बैटरी के आधार पर Lava Agni 4 बाजार में कड़ी टक्कर दे सकता है। भारतीय ब्रांड होने के कारण कंपनी का लक्ष्य प्रीमियम एक्सपीरियंस को मिड-रेंज बजट में उपलब्ध कराना है।

Leave a comment