ACC U19 एशिया कप 2025: सुपर संडे को फिर आमने-सामने होंगे भारत-पाक, जानिए कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?

ACC U19 एशिया कप 2025: सुपर संडे को फिर आमने-सामने होंगे भारत-पाक, जानिए कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?

साल 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच कई बड़े मुकाबले देखने को मिले, जहां चैंपियंस ट्रॉफी से लेकर एशिया कप तक भारत ने पाकिस्तान को लगातार चार मैचों में हराया। अब साल खत्म होने से पहले एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होने जा रही हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार खत्म होने वाला है। साल 2025 के अंत से पहले भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। यह रोमांचक भिड़ंत ACC मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2025 के तहत दुबई में खेली जाएगी। खास बात यह है कि यह मुकाबला रविवार, 14 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसे फैंस पहले ही “सुपर संडे” के नाम से देखने लगे हैं।

साल 2025 में अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच कई मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी से लेकर एशिया कप तक लगातार चार बार पाकिस्तान को हराया है। अब U19 एशिया कप में यह टक्कर दोनों देशों की युवा प्रतिभाओं के बीच होगी, जो भविष्य के अंतरराष्ट्रीय सितारे माने जा रहे हैं।

दुबई में होगा U19 एशिया कप 2025 का आयोजन

ACC मेन्स U19 एशिया कप 2025 की शुरुआत 12 दिसंबर से दुबई में होगी। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं—भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, मलेशिया, नेपाल, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE)। हालांकि इस टूर्नामेंट की आधिकारिक मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रहा है, लेकिन मुकाबले UAE के मैदानों पर खेले जाएंगे। 

भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप-A में रखा गया है, जिसमें मलेशिया भी शामिल है। वहीं ग्रुप-B में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका को जगह दी गई है।

भारत का टूर्नामेंट शेड्यूल

भारतीय अंडर-19 टीम अपने अभियान की शुरुआत 12 दिसंबर को UAE के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला ICC अकादमी ग्राउंड, दुबई में खेला जाएगा।इसके बाद सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला भारत बनाम पाकिस्तान 14 दिसंबर (रविवार) को इसी मैदान पर खेला जाएगा। टीम इंडिया अपना तीसरा और आखिरी ग्रुप मैच 16 दिसंबर को मलेशिया के खिलाफ दुबई के द सेवेन्स स्टेडियम में खेलेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला

  • UAE समय: सुबह 9:00 बजे
  • भारतीय समय: सुबह 10:30 बजे

से शुरू होगा। रविवार के दिन खेले जाने के चलते इस मैच की टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यूअरशिप बेहद ऊंची रहने की उम्मीद है। भारतीय U19 टीम इस टूर्नामेंट में 18 वर्षीय आयुष म्हात्रे की कप्तानी में उतरेगी। वहीं पाकिस्तान U19 टीम की कमान फरहान यूसुफ को सौंपी गई है। दोनों बोर्ड पहले ही अपने-अपने स्क्वॉड की घोषणा कर चुके हैं और टीमें दुबई पहुंचकर अभ्यास भी शुरू कर चुकी हैं।

दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारतीय U19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), युवराज गोहिल, कनिष्क चौहान, खिलन ए. पटेल, नमन पुष्पक, डी. दीपेश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन और एरॉन जॉर्ज।

स्टैंडबाय खिलाड़ी: राहुल कुमार, हेमचूडेशन जे, बी.के. किशोर, आदित्य रावत।

पाकिस्तान U19 टीम: फरहान यूसुफ (कप्तान), उस्मान खान (उपकप्तान), हुजैफा अहसन, अली हसन बलूच, अहमद हुसैन, मोहम्मद हुजैफा, दानियाल अली खान, समीर मिन्हास, मोमिन कमर, अली रजा, मोहम्मद सैयम, निकाब शफीक, मोहम्मद शायन (विकेटकीपर), अब्दुल सुभान और हमजा जहूर (विकेटकीपर)।

Leave a comment