मां बनने के बाद काम पर लौटीं अदिति शर्मा, 16 घंटे की शिफ्ट और पति के सपोर्ट पर खुलकर बोलीं

Aditi Sharma: मां बनने के बाद अदिति शर्मा ने काम पर वापसी की। एक्ट्रेस ने 16 घंटे की शिफ्ट, बच्चे की देखभाल और पति से मिलने वाले सपोर्ट पर खुलकर बात की।

एक्ट्रेस अदिति शर्मा ढाई साल बाद टीवी पर वापसी कर रही हैं। उन्होंने मां बनने के बाद काम शुरू करने, 16 घंटे की शिफ्ट और पति सरवर आहूजा के सहयोग पर बात की। अदिति अब कलर्स के शो 'शायद यही है प्यार' में नजर आ रही हैं।

Aditi Sharma TV Comeback: फिल्म 'लेडीज वर्सेज रिकी बहल' में रणवीर सिंह के साथ नजर आ चुकीं अदिति शर्मा ने लंबे ब्रेक के बाद फिर से अभिनय शुरू किया है। दो बच्चों की मां अदिति अब कलर्स के शो 'शायद यही है प्यार' में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों की जिम्मेदारी संभालते हुए सेट पर लौटना उनके लिए कितना मुश्किल था। उन्होंने टीवी पर लंबे कामकाजी घंटों और अपने पति के सहयोग को लेकर भी खुलकर बात की।

जरूरत पड़ने पर 16 घंटे भी काम करना पड़ता है

अदिति शर्मा का कहना है कि टीवी पर काम करने का तरीका फिल्मों से काफी अलग होता है। यहां शूटिंग के साथ एपिसोड के प्रसारण का समय भी ध्यान में रखना पड़ता है। कई बार काम तय समय पर पूरा करना जरूरी हो जाता है। उनके मुताबिक, अगर कोई कलाकार अपनी शिफ्ट के घंटे तय कर दे और उसकी वजह से एपिसोड समय पर तैयार न हो पाए, तो इसका असर पूरी टीम पर पड़ सकता है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर 16 घंटे भी काम करना पड़ता है।

अदिति की छोटी बेटी अभी दो साल की भी नहीं हुई है। इसके बावजूद उन्होंने अभिनय में लौटने का फैसला किया। हालांकि, वह मानती हैं कि घर से मिलने वाले सहयोग के बिना उनके लिए यह कदम उठाना आसान नहीं होता।

पति सरवर आहूजा ने संभाली बच्चों की जिम्मेदारी

अदिति ने बताया कि उनके पति और अभिनेता सरवर आहूजा ने काम पर लौटने के फैसले में उनका पूरा साथ दिया। पिछले ढाई साल से वह अभिनय से दूर थीं। उस दौरान सरवर अपने प्रोजेक्ट्स में व्यस्त थे। जब अदिति को नया शो मिला, तो दोनों ने घर और बच्चों की जिम्मेदारियों को लेकर बातचीत की। सरवर ने अपने काम से थोड़ा पीछे हटने का फैसला किया, ताकि अदिति दोबारा शूटिंग शुरू कर सकें।

एक्ट्रेस का मानना है कि छोटे बच्चों की देखभाल के लिए माता-पिता या परिवार के किसी करीबी सदस्य का साथ होना जरूरी है। उन्होंने अपनी कुछ सहेलियों का भी जिक्र किया, जो कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करती थीं, लेकिन मां बनने के बाद दोबारा नौकरी शुरू नहीं कर सकीं।

नए शो में 35 साल की अविवाहित महिला बनी हैं अदिति

मां बनने के बाद काम पर लौटीं अदिति शर्मा, 16 घंटे की शिफ्ट और पति के सपोर्ट पर खुलकर बोलीं

कलर्स के शो 'शायद यही है प्यार' में अदिति का किरदार 35 साल की ऐसी महिला का है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। उम्र बढ़ने के साथ परिवार और आसपास के लोग उसे शादी करने की सलाह देते हैं। कुछ लोग चाहते हैं कि वह करियर छोड़कर पहले अपना घर बसाए। अदिति को इस किरदार की सबसे अच्छी बात यही लगी कि इसकी कहानी कई महिलाओं की जिंदगी से मिलती-जुलती है।

वह ऐसे रोल करना पसंद करती हैं, जिनमें महिलाओं की परेशानियों, फैसलों और उनकी अपनी पहचान को जगह मिले। उनके लिए किसी कहानी में सिर्फ मुख्य भूमिका मिलना काफी नहीं है। उस किरदार में कुछ खास करने का मौका भी होना चाहिए।

शादी और बच्चों के बाद भी मिल रहे अच्छे रोल

अदिति के अनुसार, मनोरंजन जगत में उम्र और शादी को लेकर महिलाओं के सामने पहले कई तरह की रुकावटें थीं। खासकर शादीशुदा अभिनेत्रियों और मां बन चुकी कलाकारों के लिए अच्छे किरदार मिलना आसान नहीं माना जाता था। अब उन्हें इस सोच में बदलाव दिखाई देता है। टीवी पर भी अलग-अलग उम्र की महिलाओं के लिए कहानियां लिखी जा रही हैं।

अदिति खुद दो बच्चों की मां हैं और मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हालांकि, वह अब भी यह सवाल उठाती हैं कि महिलाओं के करियर को शादी और मातृत्व से जोड़कर क्यों देखा जाता है।

फिल्मों में काम करते हुए अदिति ने टीवी क्यों चुना?

साल 2015 में अदिति शर्मा की पंजाबी फिल्म 'अंग्रेज' रिलीज हुई थी। फिल्म हिट रही और उस समय उन्हें हिंदी के साथ साउथ की फिल्मों में भी काम मिल रहा था। इसी बीच अदिति ने टीवी सीरियल 'गंगा' करने का फैसला लिया। उनके इस फैसले से कई लोग हैरान थे। कुछ ने समझाया भी कि फिल्मों में काम मिल रहा है तो टीवी पर जाने की क्या जरूरत है। मगर अदिति को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा।

दरअसल, फिल्मों में मिलने वाले कुछ रोल उन्हें पसंद नहीं आ रहे थे। कई बार कहानी में उनके हिस्से ज्यादा सीन ही नहीं होते थे। अदिति सिर्फ बड़े पर्दे पर दिखने के लिए कोई फिल्म नहीं करना चाहती थीं। इसी दौरान उन्हें 'गंगा' की कहानी सुनाई गई। कहानी के साथ अपना किरदार भी उन्हें पसंद आया। फिर क्या था, उन्होंने सीरियल के लिए हां कर दी।

Leave a comment