Army Agniveer Rally 2026: अग्निवीर भर्ती रैली से पहले और बाद में न करें ये 10 गलतियां, भारतीय सेना ने जारी की सलाह

Army Agniveer Rally 2026 से पहले भारतीय सेना की अहम सलाह। भर्ती रैली से पहले, दौरान और चयन के बाद इन 10 गलतियों से बचें।

भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सेना ने रैली से पहले, रैली के दौरान और चयन के बाद होने वाली उन गलतियों के बारे में बताया है, जिनसे उम्मीदवारों को बचना चाहिए।

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अहम सलाह जारी की है। सेना के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ रिक्रूटिंग ने उम्मीदवारों से भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही, फर्जीवाड़े या दलालों के झांसे में न आने की अपील की है। सेना का कहना है कि भर्ती पूरी तरह पारदर्शी, निशुल्क और मेरिट के आधार पर होती है, इसलिए उम्मीदवार निर्धारित नियमों का पालन करें।

भर्ती रैली से पहले इन गलतियों से बचें

भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थी किसी भी स्थिति में गलत या फर्जी दस्तावेज लेकर रैली स्थल पर न पहुंचें। दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर उम्मीदवार को भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी हो सकती है।

सेना ने यह भी कहा है कि यदि किसी उम्मीदवार को हाल ही में गंभीर चोट लगी है या वह किसी बीमारी से पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुआ है, तो उसे रैली में भाग लेने से पहले अपनी स्वास्थ्य स्थिति का ध्यान रखना चाहिए। अधूरी रिकवरी के साथ शारीरिक परीक्षण में शामिल होना नुकसानदायक साबित हो सकता है।

केवल अधिकृत अधिकारियों से ही करें संपर्क

भारतीय सेना ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए केवल भर्ती कार्यालय के अधिकृत अधिकारियों से ही संपर्क करें। किसी अनजान व्यक्ति, एजेंट या स्वयं को सेना से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति की बातों पर भरोसा न करें।

सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन joinindianarmy.nic.in और निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होती है। ऐसे में किसी भी बाहरी व्यक्ति के माध्यम से चयन कराने का दावा पूरी तरह भ्रामक है।

रैली के दौरान अनुशासन बनाए रखना जरूरी

भर्ती रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने जिले और ट्रेड के लिए निर्धारित तिथि पर ही पहुंचने की सलाह दी गई है। निर्धारित तिथि से अलग दिन पहुंचने पर उन्हें प्रवेश नहीं मिल सकता।

सेना ने यह भी कहा है कि उम्मीदवार महंगे मोबाइल फोन, आभूषण या अन्य कीमती सामान साथ लेकर न आएं। इसके अलावा अन्य अभ्यर्थियों या भर्ती स्टाफ के साथ बहस, झगड़ा या किसी भी प्रकार का अनुशासनहीन व्यवहार करने से बचें। महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें और किसी भी असामाजिक गतिविधि में शामिल न हों।

चयन के बाद भी बरतें सावधानी

भारतीय सेना ने बताया कि कई उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के बाद भी लापरवाही कर देते हैं, जिससे उनका चयन प्रभावित हो सकता है। मेडिकल समीक्षा के लिए निर्धारित सैन्य अस्पताल में समय पर पहुंचना आवश्यक है। इसी प्रकार कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में अनुपस्थित रहने या देर से पहुंचने पर उम्मीदवार को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सेना ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण के लिए निर्धारित तिथि और समय पर रिपोर्ट करना अनिवार्य है। किसी भी चरण में देरी या अनुपस्थिति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।

दलालों और फर्जी दावों से रहें सतर्क

भारतीय सेना ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से दलालों से सावधान रहने की सलाह दी है। सेना के अनुसार यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर चयन कराने, अधिकारियों से पहचान होने या नौकरी दिलाने का दावा करता है तो ऐसे लोगों से तुरंत दूरी बना लें।

सेना ने दोहराया है कि अग्निवीर भर्ती पूरी तरह निशुल्क, पारदर्शी और मेरिट आधारित प्रक्रिया है। किसी भी उम्मीदवार को चयन के लिए किसी व्यक्ति को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई इस प्रकार की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित भर्ती कार्यालय या पुलिस को दें।

भारतीय सेना का कहना है कि उम्मीदवार निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, समय पर सभी प्रक्रियाएं पूरी करें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें। इससे भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी होगी और किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।

Leave a comment