यूट्यूबर और Anurag Dobhal की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर राहत भरी खबर आई है। उन्होंने अपने हालिया अपडेट में बताया कि अब वह सुरक्षित हैं और ICU से बाहर आ चुके हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: यूट्यूबर और रियलिटी शो से चर्चित हुए अनुराग डोभाल ने अस्पताल से अपना पहला पोस्ट साझा करते हुए बताया कि अब उनकी हालत पहले से बेहतर है और वह आईसीयू से बाहर आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर किए गए इस भावुक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उन्हें नहीं लगा था कि वह इस स्थिति से बच पाएंगे।
अनुराग, जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, हाल ही में गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के कारण अस्पताल में भर्ती थे। उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस और फॉलोअर्स लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे।
अस्पताल से शेयर की तस्वीर और भावुक संदेश
अनुराग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अस्पताल के बिस्तर से एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर के साथ लिखे संदेश में उन्होंने कहा कि यह उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने लिखा, “कभी सोचा नहीं था कि जिस रास्ते पर गया था, वहां से वापस आ पाऊंगा। मुझे लगा था कि अब शायद जिंदा नहीं रहूंगा। आज मैं खुद को नया जन्म मिला हुआ महसूस कर रहा हूं।
अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा कि इस मुश्किल समय में उन्हें कई भावनात्मक झटके लगे और वह खुद को अकेला महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें नहीं पता आगे क्या होगा, लेकिन वह इसे भगवान की इच्छा मानते हैं।

आईसीयू से बाहर, अब खतरे से बाहर
पोस्ट में अनुराग ने बताया कि वह आईसीयू से बाहर आ चुके हैं और फिलहाल सुरक्षित हैं। उन्होंने उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की। उन्होंने लिखा, बहुत लोग मेरे लिए परेशान थे। मैं अब आईसीयू से बाहर हूं और सुरक्षित हूं। जिन लोगों ने मेरे लिए दुआ की, शायद उन्हीं की वजह से मुझे नया जीवन मिला है।
उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने राहत की सांस ली और उनके जल्दी ठीक होने की कामना की। इससे पहले उनके मैनेजर ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि अनुराग की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया गया था कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी उनकी हालत स्थिर नहीं रही, जिसके कारण उन्हें फिर से भर्ती करना पड़ा।
परिवार को लेकर विवाद भी रहा चर्चा में
अनुराग डोभाल पिछले कुछ समय से निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने परिवार के साथ विवाद और मानसिक तनाव की बात कही थी। उन्होंने दावा किया था कि उनकी शादी को लेकर परिवार में मतभेद थे और इस कारण उन्हें काफी मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में उनके भाई ने इन आरोपों को गलत बताया और कहा कि मामला एकतरफा तरीके से पेश किया गया है।









