बिहार चुनाव 2025: एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत, जानिए कौन-कौन से प्रमुख फैक्टर रहे जिम्मेदार?

बिहार चुनाव 2025 में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत के पीछे कई अहम फैक्टर सामने आए हैं। जानिए महिलाओं की भागीदारी, गठबंधन रणनीति और सामाजिक समीकरणों का क्या रहा असर

बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने एनडीए को प्रचंड बहुमत देकर स्पष्ट जनादेश दिया है। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 200 से अधिक सीटें हासिल कर ली हैं, जबकि बीजेपी और जेडीयू ने मिलकर एक बार फिर 2010 जैसी ऐतिहासिक जीत दोहराई है।

Bihar Assembly Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने इतिहास दोहराते हुए 243 में से 200 से अधिक सीटों पर शानदार जीत दर्ज की। बीजेपी–जेडीयू गठबंधन ने एक बार फिर 2010 की तरह प्रचंड बहुमत हासिल किया, जबकि आरजेडी ने अपने इतिहास के सबसे खराब प्रदर्शनों में से एक दोहराया। कांग्रेस, वीआईपी, और जन सुराज जैसी पार्टियों का प्रदर्शन भी बेहद निराशाजनक रहा।

यह चुनाव नतीजे राज्य की राजनीति की दिशा बदलने वाले साबित हुए हैं। आइए समझते हैं कि वो कौन-कौन से कारक थे जिन्होंने एनडीए को ऐतिहासिक जीत दिलाई और महागठबंधन को गहरे संकट में धकेल दिया।

एनडीए की जीत के प्रमुख कारण

बिहार चुनाव 2025: एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत, जानिए कौन-कौन से प्रमुख फैक्टर रहे जिम्मेदार?

1. नीतीश कुमार का अनुभव और राजनीतिक पकड़

लगातार 20 साल सत्ता में रहने के बाद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता-विरोधी लहर को प्रभावी ढंग से मात दी। जेडीयू ने 80 से अधिक सीटें जीतकर साबित किया कि नीतीश अब भी बिहार की राजनीति में सबसे मजबूत चेहरा हैं। एनडीए की 200+ सीटों की जीत का सीधा संकेत है कि राज्य की बड़ी आबादी अब भी स्थिरता, अनुभव और शासन क्षमता के लिए नीतीश पर भरोसा करती है। युवा बनाम अनुभव’’ की लड़ाई तेजस्वी यादव वोटों में भुनाने में असफल रहे।

2. चिराग पासवान का उदय

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 में से 19 सीटें जीतीं। दलित और युवा वोटरों के बीच चिराग की अपील ने एनडीए को बड़ा फायदा पहुंचाया। 2020 में केवल एक सीट लाने वाली एलजेपी (आर) ने इस बार बड़ी छलांग लगाई—जो एनडीए के वोट बैंक को और मजबूत करने में निर्णायक साबित हुआ।

3. एआईएमआईएम और ओवैसी का सीमांचल में प्रभाव

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने सीमांचल की कई सीटों—जैसे जोकीहाट, अमौर, कोचाधामन, बैसी और बहादुरगंज—पर शानदार जीत दर्ज की। इन सीटों पर महागठबंधन का वोट कटना भी विपक्ष के लिए भारी नुकसान का कारण बना। एआईएमआईएम सीमांचल में मुस्लिम वोटरों का नया केंद्र बनकर उभरी, जिससे आरजेडी की परंपरागत पकड़ कमजोर हुई।

4. महिला मतदाताओं का भारी समर्थन

बिहार में पहली बार महिलाओं की मतदान प्रतिशतता पुरुषों से कहीं अधिक रही—

  • पुरुष मतदान: 62.8%
  • महिला मतदान: 71.6%

महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाएँ—जैसे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (₹10,000 सहायता)—ने एनडीए को ग्रामीण और गरीब तबकों का गहरा समर्थन दिलाया। महिला वोटर एनडीए की जीत का निर्णायक "साइलेंट फैक्टर" साबित हुईं।

5. एनडीए के छोटे सहयोगियों का शानदार प्रदर्शन

एनडीए का गणित इस बार बेहद सटीक बैठा। इसके सहयोगियों का प्रदर्शन जोरदार रहा:

  • HAM: 6 में से 5 सीटें
  • एलजेपी (आर): 19 सीटें
  • आरएलएम: 4 सीटें

छोटी पार्टियों ने अपने-अपने जातीय और क्षेत्रीय वोट बैंक को मजबूती से एनडीए के पक्ष में मोड़ा।

महागठबंधन की हार के प्रमुख कारण

बिहार चुनाव 2025: एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत, जानिए कौन-कौन से प्रमुख फैक्टर रहे जिम्मेदार?

  1. तेजस्वी यादव सत्ता-विरोधी लहर का लाभ नहीं उठा पाए: आरजेडी को इस चुनाव में केवल 25 सीटें मिलीं, जो 2010 के बाद उसका दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। तेजस्वी यादव अपने मजबूत बयानों, बेरोज़गारी और बदलाव के मुद्दों के बावजूद वोटरों से जुड़ नहीं पाए। उनकी युवा बनाम अनुभवी राजनीति इस बार असर नहीं दिखा सकी।
  2. कांग्रेस का कमजोर प्रदर्शन और नेतृत्व संकट: कांग्रेस ने 61 सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन केवल 6 सीटें जीत सकी। राज्य अध्यक्ष राजेश राम भी अपनी सीट कुटुम्बा हार गए। राहुल गांधी के "वोट चोरी" वाले अभियान को जनता ने खास महत्व नहीं दिया। सीट बंटवारे में असहमति और स्थानीय संगठन की कमजोरी कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा नुकसान साबित हुई।
  3. प्रशांत किशोर और जन सुराज की विफलता: प्रशांत किशोर ने दो साल की पदयात्रा और मजबूत जनसंपर्क के बाद भी कोई प्रभाव नहीं छोड़ा। जन सुराज को कई सीटों पर NOTA से भी कम वोट मिले। खुद चुनाव न लड़ने के निर्णय ने पीके की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए और महागठबंधन को अप्रत्यक्ष रूप से नुकसान पहुँचाया।
  4. मुकेश सहनी का प्रभाव सीमित रहा: वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन ने उपमुख्यमंत्री चेहरा बनाया, फिर भी वे निषाद समुदाय और अन्य पिछड़े वर्गों को अपने पक्ष में एकजुट नहीं कर सके। उनका वोट बैंक भी बड़ी संख्या में एनडीए की ओर शिफ्ट हो गया।
  5. INDIA गठबंधन की रणनीतिक कमजोरी: इंडिया गठबंधन सीट बंटवारे से लेकर नेतृत्व की स्पष्टता तक हर मोर्चे पर कमजोर साबित हुआ। बीजेपी और जेडीयू की जमीनी ताकत, संगठित चुनावी मशीनरी और स्पष्ट नेतृत्व के सामने विपक्ष पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आया। नतीजतन विपक्ष सिर्फ 35 सीटों तक सिमट गया।

Leave a comment