Columbus

Bihar Election 2025: महागठबंधन में आठ सीटों पर ‘फ्रेंडली फाइट’, जानिए कहां आमने-सामने होंगे राहुल-तेजस्वी

Bihar Election 2025: महागठबंधन में आठ सीटों पर ‘फ्रेंडली फाइट’, जानिए कहां आमने-सामने होंगे राहुल-तेजस्वी

विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस बीच केवल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने ही सीट बंटवारे की घोषणा की है। महागठबंधन के घटक दलों के बीच अभी तक सीट शेयरिंग का फाइनल फॉर्मूला तय नहीं हुआ है।

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की प्रक्रिया के बीच महागठबंधन (Grand Alliance) के भीतर सीट बंटवारे को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि सबकुछ सामान्य है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और कहानी कह रही है। राज्य की आठ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस, राजद, वामदल और वीआईपी जैसे सहयोगी दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में उतर गए हैं।

राजनीतिक जानकार इसे ‘फ्रेंडली फाइट’ कह रहे हैं, मगर यह स्पष्ट संकेत है कि महागठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल को लेकर अब भी असहमति और भ्रम बरकरार है।

पहले चरण की तस्वीर: नामांकन में खुली अंदरूनी खींचतान

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बार भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने जहां सीट बंटवारे का फॉर्मूला पहले ही घोषित कर दिया, वहीं महागठबंधन (RJD-कांग्रेस-लेफ्ट-VIP) में अभी तक औपचारिक घोषणा नहीं हो पाई है। फिर भी सभी सहयोगी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं —

  • राजद (RJD) ने 72 सीटों पर
  • कांग्रेस ने 26 सीटों पर
  • वामदल (CPI, CPI-M, CPI-ML) ने 21 सीटों पर

और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने 6 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। इसी जल्दबाज़ी और असहमति के कारण आठ सीटों पर “फ्रेंडली फाइट” की स्थिति बन गई है।

ये हैं वो 8 सीटें, जहां महागठबंधन के साथी आमने-सामने हैं

कहलगांव विधानसभा सीट

  • यहां कांग्रेस और राजद एक-दूसरे के खिलाफ उतर गए हैं।
  • राजद उम्मीदवार: रजनीश यादव
  • कांग्रेस उम्मीदवार: प्रवीण कुशवाहा

तारापुर विधानसभा सीट

  • यहां राजद और वीआईपी आमने-सामने हैं।
  • राजद से: अरुण शाह
  • वीआईपी से: सकलदेव सिंह

बछवाड़ा विधानसभा सीट

  • इस सीट पर कांग्रेस और सीपीआई (CPI) दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
  • कांग्रेस से: प्रकाश दास
  • सीपीआई से: अवधेश कुमार राय

बिहारशरीफ विधानसभा सीट

  • यहां भी कांग्रेस बनाम सीपीआई मुकाबला देखने को मिलेगा।
  • कांग्रेस से: उमैर खान
  • सीपीआई से: शिव प्रसाद यादव

रोसड़ा विधानसभा सीट

  • कांग्रेस प्रत्याशी: बी.के. रवि
  • सीपीआई प्रत्याशी: लक्ष्मण पासवान

राजापाकड़ विधानसभा सीट

  • कांग्रेस से: प्रतिमा कुमारी
  • सीपीआई से: मोहित पासवान

वैशाली विधानसभा सीट

  • राजद प्रत्याशी: अजय कुशवाहा
  • कांग्रेस प्रत्याशी: ई. संजीव सिंह

लालगंज विधानसभा सीट

  • सबसे चर्चित सीटों में से एक।
  • राजद से: बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला
  • कांग्रेस से: आदित्य कुमार राजा

इन सभी सीटों पर महागठबंधन के घटक दल एक-दूसरे से वोट छीनने की स्थिति में हैं।

महागठबंधन के नेताओं की सफाई: “सबकुछ ठीक है”

इन आंतरिक टकरावों के बावजूद सभी दल यह दावा कर रहे हैं कि गठबंधन में कोई दरार नहीं है। भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा, सीट बंटवारे और उम्मीदवारों की घोषणा में देरी महागठबंधन के टूटने का संकेत नहीं, बल्कि इसके विस्तार का परिणाम है। हम पहले से अधिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ा रहे हैं।

कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने भी विवाद की बातों को नकारते हुए कहा, अंदर-अंदर सब ठीक है। सीट शेयरिंग की प्रक्रिया चल रही है और जल्द सब फाइनल हो जाएगा। जहां ओवरलैप हुआ है, वहां प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले लेंगे। तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे हैं। वहीं राजद सांसद सुधाकर सिंह ने भी विरोधियों के आरोपों को ‘अफवाह’ बताते हुए कहा, महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। कुछ सीटों पर तकनीकी भ्रम के चलते नामांकन हुए हैं, जिन्हें जल्द सुलझा लिया जाएगा।

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी की नाराज़गी भी अब शांत हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें 15 सीटों का कोटा मिला है, साथ ही भविष्य में राज्यसभा या संगठनात्मक भूमिका का ऑफर भी दिया गया है।

 

Leave a comment