बिहार में हिमालयी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट। घना कोहरा और शीतलहर से विजिबिलिटी जीरो, स्कूल बंद और सड़क हादसे। अगले 48 घंटे तक ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
Bihar: बिहार में पहाड़ों से आती बर्फीली हवाओं के चलते हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। शनिवार को 12 जिलों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। नालंदा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 3.1 डिग्री था। शेखपुरा में 3.2, पटना में 4.1, नवादा और बक्सर में 4.2, अरवल में 4.4 डिग्री और रोहतास व मुंगेर में 4.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। भोजपुर और जहानाबाद में 4.7 और लखीसराय में 4.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में भी शीतलहर और कोहरे की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी है। 15 जनवरी के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।
घना कोहरा और सड़क हादसे
रविवार सुबह समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय और सुपौल में घना कोहरा छाया हुआ था। विजिबिलिटी लगभग जीरो थी। मोकामा के 6-लेन सड़क पर चार गाड़ियों की टक्कर हुई। एक हाइवा पलट गई और एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लंबी कतार लग गई।

मुजफ्फरपुर में NH-74 पर भी घने कोहरे के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। दोनों ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें JCB की मदद से बाहर निकाला गया।
प्रशासन की चेतावनी
पटना में ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने आदेश दिया है कि 5वीं तक के सभी स्कूल 13 जनवरी तक बंद रहेंगे। 5वीं से ऊपर के छात्रों के लिए कक्षाएं सुबह 10:30 बजे से तीन बजे तक चलेंगी। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और शाम की ठंड में सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने 31 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यातायात और फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। पटना एयरपोर्ट पर सुबह में विजिबिलिटी 700 मीटर थी। 13 जोड़ी फ्लाइट देर से पहुंची और उड़ानें प्रभावित हुईं।
मौसम की भविष्यवाणी
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाओं के कारण बिहार में तापमान लगातार कम है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड में राहत नहीं मिल रही। रात में बर्फीली हवाओं के कारण शीत दिवस की स्थिति बनी रहती है।
आगामी 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। अगले दस दिनों तक ठंड बरकरार रहेगी, सुबह और शाम की ठंड अधिक महसूस होगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव होगा, लेकिन ठंड में बड़ा बदलाव नहीं आएगा।











