भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा बीजू पटनायक को लेकर की गई टिप्पणी ने विवाद को और बढ़ा दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजू पटनायक के बेटे और नवीन पटनायक ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा की और अपनी नाराजगी जताई।
BJD: ओडिशा की राजनीति में एक बार फिर बवाल मच गया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा 27 मार्च 2026 को दिए गए एक बयान में दिवंगत ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। दुबे के इस बयान में बीजू पटनायक की भूमिका को लेकर ऐसे दावे किए गए, जिन्हें लेकर बीजू जनता दल (BJD) के नेता हमलावर हैं।
बीजद प्रमुख और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा की गई टिप्पणी न केवल असंवेदनशील है, बल्कि तथ्यात्मक रूप से भी गलत है।
नवीन पटनायक का बयान
भुवनेश्वर में मीडिया से बातचीत के दौरान नवीन पटनायक ने कहा, “बीजू बाबू के बारे में जो अपमानजनक बातें की गईं, उन्हें सुनकर मैं हैरान हूं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें यह पता है कि चीन के साथ युद्ध के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बीजू पटनायक को रणनीति बनाने में मदद के लिए दिल्ली में अपने कार्यालय के पास एक विशेष दफ्तर दिया था, जबकि वह उस समय ओडिशा के मुख्यमंत्री थे।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं उस समय लगभग 13 वर्ष का था, लेकिन मुझे अच्छी तरह याद है कि चीनी हमले को लेकर बीजू बाबू कितने गंभीर और गुस्से में थे। ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले सांसद को मनोचिकित्सक को दिखाने की जरूरत है।”
निशिकांत दुबे का दावा
![]()
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने बयान में यह दावा किया था कि 1960 के दशक में अमेरिका ने तिब्बत में अपने सैनिक और CIA एजेंट तैनात किए थे। दुबे ने कहा कि दलाई लामा और उनके भाई लगातार अमेरिकी सरकार से संपर्क में थे और भारत ने अमेरिका के सहयोग से चीन के साथ युद्ध लड़ा। उन्होंने बीजू पटनायक को अमेरिका, CIA और नेहरू के बीच कड़ी बताते हुए उनकी भूमिका को गलत तरीके से पेश किया।
बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सस्मित पात्रा ने निशिकांत दुबे के बयान के विरोध में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संसदीय स्थायी समिति से इस्तीफा दे दिया। पात्रा ने राज्यसभा सभापति को लिखा, “मैं ऐसे व्यक्ति के अधीन सेवा जारी नहीं रख सकता जो दिवंगत बीजू पटनायक के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करता है।
महिला विधायक के आवास पर हमले पर नाराजगी
इस बीच, ओडिशा पुलिस द्वारा बीजद की मौजूदा विधायक मनोरमा मोहंती के आवास पर कार्रवाई के बाद भी विवाद बढ़ गया। विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी बेटी और घरेलू सहायिका के साथ दुर्व्यवहार किया। नवीन पटनायक ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा, “कल विधानसभा की एक महिला सदस्य के आवास पर हमला हुआ, जो बेहद चौंकाने वाला और पूरी तरह अलोकतांत्रिक है।
घरेलू सहायक को भी अपमानित किया गया। ऐसे घटनाक्रम लोकतंत्र के लिए गंभीर सवाल खड़े करते हैं। जब इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो यह सोचने पर मजबूर करता है कि लोकतंत्र में क्या हो रहा है।”









