ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III ने प्रिंस एंड्रयू से उनका रॉयल टाइटल और शाही सम्मान वापस ले लिया। एंड्रयू अब निजी आवास में रहेंगे। यह फैसला जेफरी एपस्टीन के साथ संबंध और यौन उत्पीड़न आरोपों के कारण लिया गया।
United Kingdom: ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III ने अपने छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू से उनकी शाही उपाधियां और सम्मान वापस ले लिए हैं। अब एंड्रयू को आधिकारिक तौर पर रॉयल लॉज छोड़ना होगा और उन्हें निजी आवास में रहना पड़ेगा। इस फैसले का मुख्य कारण दिवंगत यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ एंड्रयू के कथित संबंध और उन पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप हैं।
प्रिंस एंड्रयू कौन हैं?
एंड्रयू, दिवंगत महारानी एलिजाबेथ II के दूसरे पुत्र और किंग चार्ल्स III के छोटे भाई हैं। उनकी शादी सारा फर्ग्यूसन से हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं, प्रिंसेस बीट्राइस और प्रिंसेस यूजनी।
एंड्रयू ने 22 साल तक रॉयल नेवी में सेवा की और 1982 के फॉकलैंड्स युद्ध के दौरान हेलीकॉप्टर पायलट के तौर पर काम किया। बाद में उन्होंने माइन काउंटरमेजर शिप एचएमएस कॉटेसमोर की कमान संभाली। 2019 में सार्वजनिक कर्तव्यों से हटने के बाद उनकी मिलिट्री भूमिकाएं भी सस्पेंड कर दी गईं।
इस महीने की शुरुआत में एंड्रयू ने ड्यूक ऑफ यॉर्क का अपना टाइटल छोड़ दिया था। अब उन्हें सिर्फ एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर के नाम से जाना जाएगा।
क्यों छीना गया रॉयल टाइटल?

एंड्रयू पर आरोप थे कि उन्होंने जेफरी एपस्टीन के साथ संबंध बनाए रखे, जिनके तहत उन्होंने कथित तौर पर नाबालिग लड़की वर्जिनिया गिफ्रे को उत्पीड़ित किया। गिफ्रे ने अगस्त 2021 में एंड्रयू के खिलाफ सिविल केस दायर किया जिसमें आरोप लगाया गया कि एंड्रयू ने उसे 17 साल की उम्र में तीन बार यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया।
एंड्रयू ने कभी इस मामले में कोई गलती मानी बिना, कोर्ट के बाहर समझौता किया। फरवरी 2022 में गिफ्रे और एंड्रयू के वकीलों ने अमेरिकी कोर्ट में जॉइंट लेटर देकर बताया कि दोनों पक्षों ने सिविल केस को सुलझा लिया है।
एपस्टीन के साथ संबंध
एंड्रयू की पहली मुलाकात एपस्टीन से 1999 में घिसलेन मैक्सवेल के माध्यम से हुई थी। एपस्टीन 2008 में अमेरिका में एक नाबालिग को प्रॉस्टिट्यूशन के लिए खरीदने का दोषी पाया गया था और 18 महीने की जेल की सजा हुई।
सजा के बाद भी दोनों को 2010 में न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में घूमते हुए देखा गया। कोर्ट दस्तावेजों से यह भी पता चला कि फरवरी 2011 में एंड्रयू ने एपस्टीन को ईमेल भेजा था जिसमें लिखा था, “टच में रहना और हम जल्द ही कुछ और प्ले करेंगे!!!!”
किंग चार्ल्स का फैसला
जनवरी 2022 में क्वीन एलिजाबेथ II ने एंड्रयू से उनके मिलिट्री टाइटल और शाही संरक्षण छीन लिया। अब किंग चार्ल्स ने उनके रॉयल टाइटल, सम्मान और रॉयल लॉज से बाहर निकालने का निर्णय लिया।









