स्वेता राय की फिल्म ‘फ्रॉम बॉलीवुड टू हॉलीवुड’ छोटे शहर से हॉलीवुड तक की प्रेरणादायक कहानी दिखाएगी। फिल्म की शूटिंग भोपाल में होगी और नए टैलेंट को बड़ा मौका मिलेगा। यह प्रोजेक्ट भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर लाएगा।
बॉलवुड: हॉलीवुड और बॉलीवुड के बीच क्रिएटिव और सांस्कृतिक दूरी को कम करने की दिशा में एक नया प्रोजेक्ट तेजी से चर्चा में है। अभिनेत्री-प्रोड्यूसर स्वेता राय की फिल्म ‘फ्रॉम बॉलीवुड टू हॉलीवुड’ एक ऐसी प्रेरणादायक कहानी पेश करने जा रही है, जिसमें एक साधारण लड़की के संघर्ष, सपनों और हॉलीवुड तक पहुंचने के सफर को दिखाया जाएगा। यह फिल्म न सिर्फ ग्लोबल ऑडियंस को जोड़ने का प्रयास है, बल्कि भारतीय संस्कृति और लोकल टैलेंट को अंतरराष्ट्रीय मंच देने की भी कोशिश है।
कहानी में दिखेगा संघर्ष, सपनों और भारतीय संस्कृति का मेल
स्वेता राय के मुताबिक, यह फिल्म एक लोअर मिडिल क्लास लड़की की कहानी है, जो कठिन परिस्थितियों से लड़ते हुए हॉलीवुड तक का सफर तय करती है। फिल्म की कहानी उनके अपने जीवन के अनुभवों से भी प्रेरित है।
वे बताती हैं कि छोटे शहर से निकलकर पिछले एक दशक में हॉलीवुड तक पहुंचने का उनका सफर इस प्रोजेक्ट की भावनात्मक नींव है। फिल्म में भारत की सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ भोपाल और मध्य प्रदेश की खूबसूरती को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
मध्य प्रदेश बनेगा ग्लोबल शूटिंग हब
फिल्म की लगभग 25 प्रतिशत शूटिंग मध्य प्रदेश में की जाएगी। खास तौर पर भोपाल को प्रमुख लोकेशन के रूप में चुना गया है। इसके अलावा जबलपुर और इंदौर के आसपास की जगहों को भी फिल्म में शामिल किया जाएगा।
भोपाल के मरीन ड्राइव, एयरपोर्ट क्षेत्र और बावड़िया कलां जैसे इलाकों को विजुअल स्टोरीटेलिंग का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि राज्य की प्राकृतिक और शहरी सुंदरता को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।
हॉलीवुड और बॉलीवुड के बड़े नाम होंगे शामिल
स्वेता राय के अनुसार, फिल्म में कई इंटरनेशनल और भारतीय कलाकारों का मिश्रण देखने को मिलेगा। हालांकि कुछ हॉलीवुड कलाकारों के नाम एनडीए (Non-Disclosure Agreement) के कारण फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन गोल्डन ग्लोब नॉमिनेटेड कलाकारों के जुड़ने की पुष्टि की गई है।
बॉलीवुड से समीर सोनी का नाम फाइनल है, जबकि मनीषा कोइराला और नीलम से बातचीत चल रही है। फिल्म में कई सीनियर और ग्लोबल एक्सपीरियंस वाले क्रू मेंबर्स भी शामिल हैं।

नए टैलेंट के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसका टैलेंट हंट है। 2025 में शुरू किए गए “फ्रेश फेस टैलेंट हंट” में करीब 2 लाख लोगों ने आवेदन किया।
इसमें हाउसवाइफ्स से लेकर बिना किसी प्रोफेशनल ट्रेनिंग वाले लोगों को भी मौका दिया गया। फिल्म में सेकेंड लीड और सपोर्टिंग रोल के लिए इन्हीं प्रतिभागियों में से चयन किया जा रहा है।
स्वेता राय का कहना है कि यह फिल्म नए कलाकारों के लिए करियर बदलने वाला अवसर साबित हो सकती है।
हॉलीवुड स्टैंडर्ड ट्रेनिंग और ग्लोबल प्लेटफॉर्म
स्वेता राय ने बताया कि उनकी कंपनी ‘इंडो हॉली फिल्म्स’ और भोपाल स्थित ‘हॉलीवुड ड्रीम्स एंटरटेनमेंट’ के जरिए एक्टिंग, डांसिंग और सिंगिंग से जुड़े प्रोफेशनल वर्कशॉप्स आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही ‘हॉलीवुड इंडिया ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल’ की भी शुरुआत की गई है, जहां नए कलाकारों और फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच मिलेगा।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
स्वेता राय ने अपने शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए बताया कि हॉलीवुड तक पहुंचना आसान नहीं था। आर्थिक चुनौतियों, पारिवारिक परिस्थितियों और इंडस्ट्री की जटिलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।
उन्होंने बताया कि फिल्म स्कूल की पढ़ाई के दौरान उन्होंने स्कॉलरशिप हासिल की और 18–20 घंटे तक काम करके अपने सपनों को आगे बढ़ाया।
भविष्य की ग्लोबल फिल्म के रूप में उम्मीद
‘फ्रॉम बॉलीवुड टू हॉलीवुड’ को सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत और हॉलीवुड के बीच एक सांस्कृतिक पुल के रूप में देखा जा रहा है। यह प्रोजेक्ट न केवल नए कलाकारों को मौका देगा, बल्कि भारतीय कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।













