चिंकी-मिंकी के नाम से मशहूर सुरभि और समृद्धि मेहरा ने जब कुछ दिन पहले अलग होने का ऐलान किया था, तो उनके फैंस को गहरा झटका लगा था। दोनों बहनें 'कपिल शर्मा शो' से मशहूर हुई थीं और उनकी जोड़ी को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया।
एंटरटेनमेंट: कॉमेडी से लेकर सोशल मीडिया तक अपनी जबरदस्त पहचान बनाने वाली जुड़वां बहनें चिंकी-मिंकी यानी सुरभि और समृद्धि मेहरा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दोनों ने सोशल मीडिया पर अपने अलग होने की घोषणा कर फैंस को चौंका दिया था, लेकिन अब यह जोड़ी फिर एक साथ स्क्रीन पर नजर आने जा रही है। दोनों बहनें जल्द ही ज़ी टीवी के आगामी रियलिटी शो ‘छोरियां चलीं गांव’ में हिस्सा लेंगी।
हालांकि, इस बार ट्विस्ट ये है कि सुरभि और समृद्धि एक ही शो में होते हुए भी अलग-अलग टीमों का हिस्सा होंगी और एक-दूसरे के खिलाफ खेलती नजर आएंगी।
क्यों हुआ था चिंकी-मिंकी का अलगाव?
3 जुलाई 2025 को चिंकी-मिंकी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक पोस्ट शेयर कर प्रोफेशनली अलग होने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि अब से वे अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगी। उनके इस फैसले से फैन्स काफी मायूस हो गए थे, क्योंकि यह जोड़ी ‘द कपिल शर्मा शो’ से लेकर सोशल मीडिया तक साथ नजर आती रही है।
2019 में कपिल शर्मा के शो में पहली बार नजर आने के बाद इस जोड़ी ने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। उन्होंने शो में कपिल शर्मा की मज़ेदार पड़ोसी बहनों के रूप में दर्शकों को खूब हंसाया था।
‘छोरियां चलीं गांव’: चिंकी-मिंकी की वापसी
अब फैंस के लिए खुशखबरी है कि ये हिट जोड़ी एक बार फिर एक ही शो में नजर आएगी, लेकिन इस बार दोनों अलग-अलग टीमों में खेलेंगी। रियलिटी शो ‘छोरियां चलीं गांव’ में दोनों अपनी इंडिविजुअल पर्सनैलिटी के साथ सामने आएंगी। यह पहली बार होगा जब दर्शक जान पाएंगे कि चिंकी और मिंकी के अलग-अलग व्यक्तित्व कैसे हैं।
ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में दोनों बहनों ने कहा, यह हमारे लिए एक बिल्कुल नया अनुभव है। हम उत्साहित हैं लेकिन थोड़ा घबराए हुए भी हैं कि पहली बार एक-दूसरे के बिना कैसे परफॉर्म करेंगे। यह शो उनके लिए भी चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि अब उन्हें अपनी पहचान अपने दम पर बनानी होगी। यह एक तरह से उनके करियर का अगला चरण है।
क्या है ‘छोरियां चलीं गांव’ शो की थीम?
‘छोरियां चलीं गांव’ एक रियलिटी शो है, जिसे जल्द ही ज़ी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। हालांकि अभी शो की लॉन्च डेट और टाइम स्लॉट की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसके प्रोमो ने दर्शकों में उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। शो को रणविजय सिंह होस्ट करेंगे, जो पहले भी कई रियलिटी शोज़ जैसे ‘रोडीज़’ और ‘स्प्लिट्सविला’ में नजर आ चुके हैं। शो में चिंकी-मिंकी के अलावा कई टीवी जगत की लोकप्रिय अदाकाराएं भी हिस्सा लेंगी, जिनमें शामिल हैं:
- अनीता हसनंदानी
- सना मकबूल
- नायरा बनर्जी
- ईशा मालवीय
- चाहत पांडे
इस शो की खास बात यह है कि यह शहरी हसीनाओं को ग्रामीण परिवेश में ले जाकर उन्हें नए टास्क और चुनौतियों से रूबरू कराएगा।