हिंदी सिनेमा में अपनी बहुमुखी प्रतिभा और दमदार अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली चित्रांगदा सिंह ने साल 2025 में कई अलग-अलग जॉनर की फिल्मों और वेब सीरीज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे 'खाकी: द बंगाल चैप्टर', 'हाउसफुल 5', 'परिक्रमा' और अब 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' जैसी परियोजनाओं में नजर आईं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: जितनी खूबसूरत, उतनी ही प्रतिभावान, चित्रांगदा सिंह हिंदी सिनेमा में एक ऐसा नाम हैं जिन्होंने पर्दे पर हर तरह के किरदार को जीने का काम किया है। इस साल वह विभिन्न प्रकार की भूमिकाओं में नजर आईं—वेब सीरीज 'खाकी: द बंगाल चैप्टर' में एक नेता की गंभीर भूमिका, 'हाउसफुल 5' जैसी मसाला एंटरटेनर में कॉमेडी, मीनिंगफुल फिल्म 'परिक्रमा' में संवेदनशील भूमिका और अब इंटेंस क्राइम थ्रिलर 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' में चर्चा का केंद्र।
इसके अलावा वह सलमान खान के साथ 'बैटल ऑफ गलवान' में भी नजर आने वाली हैं। मीडिया के साथ खास बातचीत में चित्रांगदा ने अपने करियर, निजी जिंदगी और को-स्टार्स के साथ रिश्तों पर खुलकर बात की।
विविध भूमिकाओं के साथ चुनौती
चित्रांगदा ने बताया कि उनकी फिल्मों और सीरीज का चयन हमेशा सोच-समझ कर नहीं होता। जो काम आपके पास आता है, वह आपके हाथ में नहीं होता, लेकिन कोशिश होती है कि हर किरदार में कुछ अलग और नया पेश किया जाए। उदाहरण के तौर पर 'हाउसफुल 5' में कॉमेडी का टोन पकड़ना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि मैं पहले कभी ऐसा नहीं कर चुकी थी। फिर भी यह अनुभव बहुत सीखने वाला रहा।
उनकी आगामी फिल्म 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' एक इंटेंस क्राइम थ्रिलर है। चित्रांगदा के किरदार का केंद्र उनके परिवार और मीडिया हाउस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “मेरे किरदार को निभाना बहुत मजेदार और चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि घटनाएं तेजी से घटती हैं और भावनात्मक रूप से बहुत गहन हैं। नवाज के साथ मेरे सीन बेहद खूबसूरत और संतुलित हैं। हम दोनों ने मिलकर इसे बहुत प्रभावशाली बनाया।

पर्सनल लाइफ पर फैल रही गलत खबरें
चित्रांगदा ने मीडिया में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर फैली झूठी खबरों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा,
'असलियत यह है कि नवाज से कभी कोई प्रॉब्लम नहीं थी। मीडिया ने गलत तरीके से सनसनीखेज खबरें बनाई। उस समय हमारी आखिरी बातचीत नवाज के साथ ही हुई थी। हमारे रिश्ते हमेशा सामान्य और पेशेवर रहे हैं।'
उन्होंने यह भी बताया कि अक्सर ब्लाइंड आर्टिकल और सनसनीखेज हेडलाइन से लोगों में गलतफहमी पैदा होती है। “जब आपका पीआर मजबूत नहीं होता या इंडस्ट्री में बहुत ज्यादा संपर्क नहीं होते, तो ऐसी खबरें और तेजी से फैलती हैं। यह बहुत तकलीफदेह होता है, लेकिन उसके खिलाफ कुछ नहीं किया जा सकता।”
करियर में नयापन और चुनौतियां
चित्रांगदा ने कहा कि वे हमेशा कोशिश करती हैं कि हर नया किरदार उनके पिछले काम से अलग हो। उन्होंने बताया कि आलोचना का सामना करना और लोगों की अपेक्षाओं को समझना भी उनके करियर का हिस्सा है। ऑडियंस को नई भूमिकाओं को स्वीकारने में समय लगता है, लेकिन जब आप अच्छा काम करते हैं तो लोग उसे अपनाना शुरू कर देते हैं।
चित्रांगदा की आने वाली फिल्में दर्शकों को इंटेंस और थ्रिलिंग अनुभव देने वाली हैं। ‘बैटल ऑफ गलवान’ में सलमान खान के साथ उनका प्रदर्शन और 'रात अकेली है 2' में नवाज के साथ उनकी केमिस्ट्री ने उनके करियर की बहुमुखी प्रतिभा को और उजागर किया है।










