Claude AI ने सुलझाई 167 साल पुरानी गणित की पहेली? एंथ्रोपिक के शोधकर्ता का दावा, 10 लाख डॉलर का इनाम दांव पर

Claude AI की मदद से गणितज्ञ लेवेंट अल्पोगे ने 167 साल पुरानी रीमान परिकल्पना हल करने का दावा किया है। जानें स्वतंत्र जांच, 10 लाख डॉलर का पुरस्कारऔर पूरी कहानी।

एंथ्रोपिक के गणितज्ञ लेवेंट अल्पोगे ने दावा किया है कि उन्होंने Claude AI की मदद से 167 साल पुरानी रीमान परिकल्पना का प्रमाण खोज लिया है। स्वतंत्र तकनीकी जांच में सकारात्मक नतीजे मिले हैं, लेकिन औपचारिक शैक्षणिक समीक्षा और पुरस्कार की प्रक्रिया अभी बाकी है।

Tech: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया से गणित को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। एआई कंपनी एंथ्रोपिक के गणितज्ञ लेवेंट अल्पोगे ने दावा किया है कि उन्होंने कंपनी के Claude चैटबॉट की मदद से रीमान परिकल्पना (Riemann Hypothesis) का प्रमाण खोज लिया है। गणित की यह समस्या वर्ष 1859 से अनसुलझी मानी जाती रही है। 20 नवंबर 2026 को किए गए इस दावे के बाद गणितज्ञों ने इसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती स्वतंत्र जांच में सकारात्मक नतीजे मिले हैं। 

167 साल पुरानी गणित की पहेली क्या है?

रीमान परिकल्पना गणित की सबसे प्रसिद्ध और कठिन समस्याओं में शामिल है। इसे जर्मनी के गणितज्ञ बर्नहार्ड रीमान ने वर्ष 1859 में प्रस्तुत किया था।

Claude AI ने सुलझाई 167 साल पुरानी गणित की पहेली? एंथ्रोपिक के शोधकर्ता का दावा, 10 लाख डॉलर का इनाम दांव पर

यह समस्या अभाज्य संख्याओं से जुड़ी है। अभाज्य संख्याएं वे होती हैं, जो केवल एक और स्वयं से पूरी तरह विभाजित होती हैं। उदाहरण के लिए 2, 3, 5, 7 और 11 अभाज्य संख्याएं हैं।

गणितज्ञ लंबे समय से यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ये संख्याएं किस क्रम में आती हैं और बड़ी संख्याओं के बीच इनका वितरण कैसे होता है।

रीमान परिकल्पना के केंद्र में एक विशेष गणितीय फलन है, जिसे रीमान जीटा फलन कहा जाता है। यह परिकल्पना बताती है कि इस फलन के सभी गैर-साधारण शून्यों का वास्तविक भाग एक-दो के बराबर होता है।

इस बात को गणितीय रूप से साबित करना दशकों से चुनौती बना हुआ था। इसलिए इसे शुद्ध गणित की सबसे महत्वपूर्ण अनसुलझी समस्याओं में गिना जाता रहा है।

Claude AI की मदद से कैसे खोजा गया समाधान?

एंथ्रोपिक में कार्यरत गणितज्ञ लेवेंट अल्पोगे ने शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को चार पन्नों का एक नोट जारी किया। इसमें उन्होंने बताया कि Claude AI के साथ काम करते हुए उन्हें रीमान परिकल्पना का प्रमाण मिला है।

उनका दावा केवल मूल परिकल्पना तक सीमित नहीं है। अल्पोगे के अनुसार, इस तकनीक से जनरलाइज्ड रीमान हाइपोथीसिस के एक व्यापक रूप को भी साबित किया गया है।

उन्होंने प्रमाण को सामान्य शोधपत्र के बजाय लीन (Lean) नाम की कंप्यूटर आधारित गणितीय भाषा में जारी किया है। इस भाषा का इस्तेमाल गणितीय प्रमाण के अलग-अलग चरणों की जांच करने के लिए किया जाता है।

जारी किए गए प्रमाण में लगभग 1.70 करोड़ पंक्तियों का कोड और 1.75 लाख से अधिक फाइलें शामिल हैं।

अल्पोगे ने बताया कि पूरे प्रमाण को सामान्य गणितीय भाषा में लिखना काफी लंबा काम होगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह अभी इसके सभी गणितीय पहलुओं को पूरी तरह नहीं समझ पाए हैं।

स्वतंत्र जांच में क्या सामने आया?

दावा सामने आने के बाद गणितीय समुदाय ने इसकी जांच शुरू की। 21 नवंबर को लीन फोकस्ड रिसर्च ऑर्गनाइजेशन और मैथलिब इनिशिएटिव ने घोषणा की कि उन्होंने प्रस्तुत कंप्यूटर आधारित प्रमाण की स्वतंत्र जांच की है।

दोनों संगठनों ने इसके सही होने पर भरोसा जताया। इसके अलावा यूनिवर्सिटी ऑफ वाटरलू के गणितज्ञ माइकल रुबिनस्टीन ने भी तकनीकी जांच के परिणाम साझा किए हैं।

उनके अनुसार, सभी 1,75,187 फाइलों का परीक्षण सफल रहा और कंप्यूटर आधारित सत्यापन में कोई त्रुटि नहीं मिली।

हालांकि, तकनीकी सत्यापन और औपचारिक शैक्षणिक स्वीकृति अलग प्रक्रियाएं हैं। प्रमाण को गणितीय समुदाय की व्यापक समीक्षा और निर्धारित प्रकाशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

सही साबित हुआ तो मिलेगा 10 लाख डॉलर का पुरस्कार

रीमान परिकल्पना को वर्ष 2000 में क्ले मैथमेटिक्स इंस्टीट्यूट ने सात मिलेनियम प्राइज समस्याओं में शामिल किया था।

संस्थान ने प्रत्येक समस्या के सही समाधान के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार निर्धारित किया है।

हालांकि, पुरस्कार पाने के लिए केवल समाधान प्रस्तुत करना पर्याप्त नहीं है। संस्थान के नियमों के अनुसार, प्रमाण का मान्य प्रकाशन होना चाहिए और प्रकाशन के बाद कम से कम दो साल गुजरने चाहिए। इसके अलावा गणितीय समुदाय में समाधान को व्यापक स्वीकृति मिलना भी जरूरी है।

इसलिए फिलहाल पुरस्कार मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। 

गणित और एआई की दुनिया में क्यों महत्वपूर्ण है यह खोज?

यदि रीमान परिकल्पना का प्रस्तुत प्रमाण पूरी तरह स्वीकार कर लिया जाता है, तो यह गणित के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल होगा।

इस घटना ने यह चर्चा भी तेज कर दी है कि भविष्य में AI वैज्ञानिक शोध में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकता है।

इससे पहले अगस्त 2026 में एंथ्रोपिक ने बताया था कि Claude के एक प्रयोगात्मक संस्करण ने रीमान परिकल्पना से जुड़े पुराने गणितीय परिणाम में सुधार किया है। हालांकि, उस समय कंपनी ने स्पष्ट किया था कि पूरी परिकल्पना साबित नहीं हुई थी।

अब नया दावा उससे कहीं आगे जाता है। स्वतंत्र तकनीकी जांच के सकारात्मक परिणामों के बाद गणितज्ञ इसके विस्तृत प्रमाण को समझने और समीक्षा करने में जुटे हैं।

Leave a comment