भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को मजबूती के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 316 अंक ऊपर 82,814.71 पर और निफ्टी 25,571 पर बंद हुआ। PSU बैंक और मेटल शेयरों में खरीदारी ने तेजी में मदद की।
Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को अमेरिका-ईरान तनाव के बावजूद मजबूती के साथ सप्ताह का आखिरी ट्रेडिंग सेशन पूरा किया। बीएसई सेंसेक्स 316.57 अंक या 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,814.71 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी-50 116.90 अंक या 0.46 प्रतिशत ऊपर होकर 25,571 पर समाप्त हुआ। बाजार में शुरुआती कमजोरी के बाद निचले स्तर पर खरीदारी देखने को मिली, जिससे इंडेक्स ने मजबूत वापसी की।
मेटल शेयरों ने दी सपोर्ट
आज बाजार में तेजी मुख्य रूप से पीएसयू बैंक और मेटल शेयरों के कारण आई। इन सेक्टरों में खरीदारी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार ऊपर खिंचा। इसके अलावा हैवीवेट शेयर जैसे एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बढ़त ने भी सेंसेक्स और निफ्टी को सपोर्ट दिया। हालांकि, आईटी सेक्टर में दबाव के कारण तेजी सीमित रही। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि बिजली, मेटल, सरकारी बैंक, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी और वित्तीय शेयरों में खरीदारी से बाजार का माहौल सुधार हुआ।
इंडेक्स की शुरुआती चाल
बीएसई सेंसेक्स सुबह 82,272 अंक पर खुला और शुरुआती कारोबार में सपाट मूड के साथ ट्रेड किया। दोपहर तक यह 600 अंक तक चढ़ गया और अंत में 82,814.71 पर बंद हुआ। इसी तरह, निफ्टी-50 सुबह 25,406 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान 25,663 तक गया। अंत में यह 25,571 पर बंद हुआ। निवेशकों ने दिन भर कम कीमत पर अच्छी कंपनियों के शेयर खरीदकर शुरुआती कमजोरी को दूर किया।
टॉप गेनर्स और लॉसर्स
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में एनटीपीसी, एलएंडटी, एचयूएल, पावर ग्रिड और टाटा स्टील सबसे अधिक बढ़त में रहे। इनके शेयरों में 2.6 प्रतिशत तक तेजी देखी गई। वहीं टेक महिंद्रा, इटरनल, इन्फोसिस, एचसीएल टेक और भारती एयरटेल के शेयर गिरावट में रहे, जिनमें 1.7 प्रतिशत तक कमजोरी आई।
ब्रोडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 100 0.48 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 0.11 प्रतिशत की हल्की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल आधार पर निफ्टी पीएसयू बैंक और मेटल इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज्यादा तेजी रही। इसके अलावा एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक, ऑयल एंड गैस और ऑटो सेक्टर में भी बढ़त देखी गई। निफ्टी आईटी इंडेक्स में करीब 1 प्रतिशत की गिरावट रही।
वैश्विक बाजारों का रुख
एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के बाजार शुक्रवार सुबह मिला-जुला कारोबार कर रहे थे। निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते जियो-पॉलिटिकल तनाव का आकलन कर रहे थे। जापान का निक्केई 225 एक प्रतिशत से ज्यादा गिरा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी एक प्रतिशत से अधिक बढ़ा। मुख्यभूमि चीन के बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बंद थे।
अमेरिका के शेयर सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुए। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव से निवेशक जोखिम वाले एसेट से दूर रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास अपने परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने के लिए 10-15 दिन हैं और इसी दौरान वह तय करेंगे कि सैन्य कार्रवाई करनी है या नहीं। S&P 500 और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज क्रमश: 0.28 और 0.54 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। नैस्डैक कंपोजिट भी 0.31 प्रतिशत नीचे रहा।









