Closing Bell: RBI MPC और मोदी-पुतिन मुलाकात से सेंसेक्स 447 अंक ऊपर, निफ्टी 26,186 पर हुआ बंद

सेंसेक्स 447 अंक बढ़कर 85,712 और निफ्टी 26,186 पर बंद हुआ। RBI MPC और मोदी-पुतिन मुलाकात से बैंकिंग, IT और रियल एस्टेट शेयरों में मजबूती देखी गई।

RBI MPC की बैठक और मोदी-पुतिन मुलाकात के बीच सेंसेक्स 447 अंक बढ़कर 85,712 पर, निफ्टी 26,186 पर बंद हुआ। इसके साथ ही बैंकिंग, IT और रियल एस्टेट शेयरों में प्रमुख तेजी देखी गई।

Closing Bell: भारतीय शेयर बाजार ने हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन जोरदार वापसी की। RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात के बीच सेंसेक्स 447 अंक की छलांग लगाकर 85,712 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 ने 152 अंक की बढ़त के साथ 26,186 पर दिन का कारोबार खत्म किया। 

बाजार में शुरुआत में मिले-जुले संकेत थे, लेकिन मजबूत आर्थिक आंकड़े, रुपये की मजबूती और RBI की पॉलिसी घोषणाओं ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। निवेशकों को यह विश्वास मिला कि महंगाई कम हुई है और आने वाले महीनों में और राहत मिल सकती है।

बड़े शेयरों ने संभाला मोर्चा

आज बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। सबसे आगे रहा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), जिसके शेयर 2.53 फीसदी बढ़कर निवेशकों को उत्साहित किया। इसके बाद बजाज फिनसर्व 2.08 फीसदी, मारुति 1.8 फीसदी, बजाज फाइनेंस 1.75 फीसदी और HCL टेक 1.63 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे। वहीं लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इंफोसिस भी करीब एक फीसदी की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में भी हल्की तेजी देखी गई। कोटक महिंद्रा बैंक, HDFC बैंक और ICICI बैंक ने सकारात्मक मूवमेंट दर्ज किया। निवेशकों का रुझान साफ था कि बैंकिंग सेक्टर को मौद्रिक राहत और बढ़ती क्रेडिट मांग का फायदा मिल सकता है।

हालांकि, कुछ बड़े शेयर लाल निशान में बंद हुए। हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर 3.38 फीसदी गिरकर सबसे ज्यादा नुकसान में रहा। इसके अलावा ट्रेंट, सन फार्मा और कुछ अन्य FMCG कंपनियां भी आज नुकसान में रहीं।

सेक्टर पर नजर

आज सेक्टरल प्रदर्शन में निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स सबसे बेहतर रहा और यह डेढ़ फीसदी तक बढ़ा। वहीं निफ्टी IT और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स भी करीब एक फीसदी की तेजी के साथ चमके। ऑटो और रियल एस्टेट सेक्टर में भी सकारात्मक मूवमेंट देखा गया। निफ्टी ऑटो 0.74 फीसदी और निफ्टी रियल्टी 0.34 फीसदी ऊपर बंद हुआ।

दूसरी तरफ FMCG, फार्मा और मीडिया सेक्टर सुस्त रहे और इनमें ज्यादा तेजी नहीं देखी गई। मिडकैप और स्मॉलकैप में निवेशकों ने सावधानी बरती। निफ्टी माइक्रोकैप 100 इंडेक्स एक फीसदी से ज्यादा गिरा और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स भी लगभग आधा फीसदी नीचे बंद हुआ।

विदेशी और घरेलू निवेशकों का अलग रुख

आज विदेशी संस्थागत निवेशक यानी FII अभी भी बिकवाली कर रहे हैं। इसके बावजूद घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DII लगातार खरीदारी कर बाजार को सहारा दे रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि DII की लगातार खरीदारी ने सेंसेक्स और निफ्टी को मजबूती देने में मदद की।

ग्लोबल मार्केट की बात करें तो निक्केई इंडेक्स गिरावट में रहा, जबकि कच्चे तेल के दाम स्थिर रहे। सबसे अहम बात रही कि रुपये ने 90 के स्तर को पार करते हुए मजबूती दिखाई। इसमें RBI की संभावित दखल और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया। रुपये में मजबूती से कंपनियों के आयात लागत पर राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी और मनी मार्केट में स्थिरता बनी।

RBI MPC का बाजार पर असर

RBI गवर्नर के बयान ने भी बाजार को सहारा दिया। उन्होंने कहा कि महंगाई में कमी आई है और आने वाले महीनों में और राहत की संभावना है। इसका सीधा असर रेट-सेंसिटिव शेयरों पर पड़ा। बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और रियल एस्टेट शेयरों में तेजी देखने को मिली। निवेशकों ने इसे अर्थव्यवस्था में संभावित वृद्धि के संकेत के रूप में लिया।

Leave a comment