बॉलीवुड के पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। दोनों का नया विज्ञापन वीडियो, जो “विजिट अबू धाबी (Visit Abu Dhabi)” कैंपेन का हिस्सा है, सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह चर्चा में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर साथ में एक वीडियो शेयर किया है, जो दरअसल एक विज्ञापन है। वीडियो में वे अबू धाबी की खूबसूरत लोकेशन्स के बारे में बात कर रहे हैं। इस दौरान दीपिका ने रणवीर से कहा कि वह म्यूजियम में रखने लायक चीज हैं।
दोनों ने शेख जायद ग्रैंड मस्जिद का भी दौरा किया, जहां दीपिका ने अबाया पहना और रणवीर बढ़ी हुई दाढ़ी में ट्रेडिशनल लुक में नजर आए। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और फैंस भी इनकी जोड़ी और अंदाज पर खूब रीएक्ट कर रहे हैं।
अबू धाबी के खूबसूरत नजारों में रणवीर-दीपिका की कैमिस्ट्री
यह विज्ञापन वीडियो अबू धाबी की अद्भुत संस्कृति, वास्तुकला और शांत परिवेश को दिखाता है। वीडियो की शुरुआत एक प्राचीन म्यूजियम से होती है, जहां रणवीर एक कलाकृति की तारीफ करते हुए कहते हैं, 90 एडी... क्या आप सोच सकते हैं, उस समय इतनी बारीकी से काम किया गया होगा? इस पर दीपिका मुस्कुराते हुए जवाब देती हैं, आप वाकई किसी म्यूजियम में रखे जाने लायक हैं। यह संवाद सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया है और फैंस इसे “सबसे प्यारा पल” बता रहे हैं।
शेख जायद मस्जिद में दिखी दीपिका की सादगी और शालीनता
विज्ञापन में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह शेख जायद ग्रैंड मस्जिद भी जाते हैं। वहां दीपिका ने सफेद रंग का अबाया और हिजाब पहना है, जिससे वह बेहद खूबसूरत और शालीन लग रही हैं। फैंस ने सोशल मीडिया पर उनके इस लुक की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा, दीपिका पादुकोण हिजाब में कमाल लग रही हैं, वो हर संस्कृति का सम्मान करती हैं।
दूसरे ने लिखा, अरब संस्कृति के प्रति उनका सम्मान और विनम्रता देख दिल जीत लिया। तीसरे ने कहा, “इस वीडियो में ग्लैमर और गरिमा दोनों का सुंदर संगम है। दीपिका जितनी चर्चित रहीं, उतना ही रणवीर सिंह का नया लुक भी सुर्खियों में है। बढ़ी हुई दाढ़ी, हल्का कुर्ता और पारंपरिक टोपी पहने रणवीर को देखकर फैंस ने लिखा, इस ट्रेडिशनल लुक में रणवीर बेहद हैंडसम लग रहे हैं। कई फैंस ने कहा कि यह अब तक का उनका सबसे “क्लासी और सॉफ्ट” अवतार है।
पहली बार पैरेंट्स बनने के बाद साथ आया प्रोजेक्ट
‘विजिट अबू धाबी’ का यह विज्ञापन दीपिका और रणवीर का पहला प्रोफेशनल प्रोजेक्ट है, जबसे वे माता-पिता बने हैं। दीपिका ने 8 सितंबर 2024 को एक बेटी को जन्म दिया था, जिसका नाम “दुआ” रखा गया है। अभी तक दोनों ने अपनी बेटी का चेहरा पब्लिक में नहीं दिखाया है। इस एड फिल्म को शेयर करते हुए दीपिका ने इंस्टाग्राम पर लिखा, मेरा सुकून, जबकि रणवीर ने कमेंट किया, हमारी यह यात्रा मेरे दिल के करीब है।