धोखे से बुलाकर युवती को दिया जहर, रेप केस वापस लेने के लिए युवती को दे रहा था धमकी

धोखे से बुलाकर युवती को दिया जहर, रेप केस वापस लेने के लिए युवती को दे रहा था धमकी
AI IMAGE

करधनी क्षेत्र में युवती की जहर देकर हत्या का आरोप लगा है। पीड़िता के भाई ने पड़ोसी युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार मामला पुराने रेप केस और धमकियों से जुड़ा हुआ है।

Jaipur: पुलिस के अनुसार, मृतका झुंझुनूं जिले की रहने वाली थी और उसकी उम्र करीब 25 साल थी। युवती 13 अक्टूबर 2025 को नौकरी के सिलसिले में जयपुर आई थी। अगले दिन 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे उसने अपने भाई को फोन कर तुरंत एसएमएस अस्पताल पहुंचने को कहा। भाई जब अस्पताल पहुंचा तो उसने अपनी बहन को भर्ती हालत में पाया।

अस्पताल में युवती के पास ही उसका पड़ोसी युवक भी मौजूद था, जो उसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जब भाई ने उससे वहां मौजूद होने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह सिंधी कैंप आया हुआ था और युवती ने ही उसे फोन कर मिलने बुलाया था।

इलाज के दौरान हुआ जहर दिए जाने का खुलासा

भाई ने बताया कि बाद में डॉक्टरों से पता चला कि उसकी बहन ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। आनन-फानन में उसका इलाज शुरू किया गया। उसी शाम जब भाई ने बहन से बात की तो उसने बताया कि पड़ोसी युवक ने धोखे से उसे जहर पिला दिया था।

इलाज के दौरान युवती की हालत लगातार बिगड़ती गई और 15 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद भाई ने करधनी थाने में आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।

पीड़िता पर रेप केस वापस लेने का दबाव

परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक का मृतका के घर आना-जाना था, क्योंकि वह उसके पिता को जानता था। इसी दौरान आरोपी ने एक दिन अकेला पाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण करता रहा।

ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने झुंझुनूं में आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद से आरोपी उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। वह युवती को जान से मारने और बदनाम करने की धमकियां भी देता था।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment