अनुपम खेर ने धुरंधर 2 विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फिल्म को प्रोपेगैंडा कहने वालों को जवाब देते हुए इसकी कहानी, अभिनय और देशभक्ति संदेश की प्रशंसा की। खेर के अनुसार फिल्म दर्शकों को गर्व महसूस कराती है और शानदार अनुभव देती है।
Bollywood: आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 (Dhurandhar 2) हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दर्शकों को अपनी कहानी और एक्शन से प्रभावित किया है, लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया और सिनेमा जगत में इसे लेकर विवाद भी तेज हो गया है। कुछ लोग इसे प्रोपेगैंडा फिल्म बता रहे हैं, जबकि कई सितारे और फिल्म समीक्षक इसे सराह रहे हैं। इस बीच, अनुभवी अभिनेता अनुपम खेर ने फिल्म को प्रोपेगैंडा कहने वालों पर करारा जवाब दिया है और फिल्म की कास्टिंग, स्टोरी और संदेश की जमकर तारीफ की है।
धुरंधर 2 को लेकर विवाद क्यों?
कुछ आलोचकों का कहना है कि फिल्म एक विशेष एजेंडा के तहत बनाई गई है, जिसमें सत्ताधारी पार्टी की नीतियों को सही रूप में दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना और प्रशंसा दोनों ही बराबर मात्रा में देखने को मिल रही है। वहीं, फिल्म के समर्थन में कई बड़े नाम सामने आए हैं। निर्देशक एसएस राजामौली और फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने फिल्म की सराहना की। दूसरी ओर, अभिनेता प्रकाश राज और कुछ अन्य लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाए।
अनुपम खेर का वीडियो मैसेज
![]()
अनुपम खेर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म की प्रशंसा की और इसे देखने का अनुभव साझा किया। उन्होंने लिखा, "धुरंधर 2 जबरदस्त है। आदित्य धर एक रॉकस्टार हैं। कभी-कभी शब्द कम पड़ जाते हैं। आप फिल्म देखकर बाहर निकलते हैं और आपके भीतर एक खामोशी छा जाती है, जो सबकुछ कह देती है। धुरंधर 2 सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक अनुभव है।"
ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर फिल्म को प्रोपेगैंडा बताने वाले ट्रोलर्स को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को अपने देश पर गर्व महसूस करवाती है। एक्टर ने बताया कि उन्होंने भरे हुए सिनेमाघरों में फिल्म देखी, जहां दर्शक पूरे अनुभव का आनंद ले रहे थे। उन्होंने कहा, "जो लोग फिल्म को प्रोपेगैंडा बता रहे हैं, उनके लिए मुझे बहुत दुख होता है। मुझे दया आती है। पहले जब मैंने सुना कि इन्हीं लोगों ने 'कश्मीर फाइल्स' और 'धुरंधर 1' को भी प्रोपेगैंडा फिल्म बताया था, मुझे वास्तव में शर्म आती है। अगर बर्दाशत नहीं होता तो आप खुद फिल्म बनाइए, कुछ पैसे लगाइए, राइटर रखिए और फिल्म बनाइए।"
फिल्म में आधुनिक भारत का संदेश
अनुपम खेर ने कहा कि धुरंधर 2 एक ऐसी फिल्म है जो आधुनिक भारत की एजेंसी, सुरक्षा और समर्पित प्रणाली को दिखाती है। फिल्म में पाकिस्तान के खिलाफ तर्कपूर्ण और संतुलित प्रस्तुति दी गई है। अभिनेता ने फिल्म की हर कास्ट और किरदार की तारीफ की, विशेषकर रणवीर सिंह के इमोशनल सीन का उल्लेख किया। उनका कहना है कि रणवीर के अभिनय ने दर्शकों को अपने किरदार के दर्द को महसूस करने पर मजबूर कर दिया।









