दंतेवाड़ा में अंधविश्वास का खौफनाक रूप, जादू-टोना के शक में भतीजे ने चाचा की टंगिया से हत्या

दंतेवाड़ा में अंधविश्वास की वजह से भतीजे ने चाचा की हत्या कर दी। आरोपी मुड़ा मंडावी को पुलिस ने जंगल से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
दंतेवाड़ा में अंधविश्वास का खौफनाक रूप, जादू-टोना के शक में भतीजे ने चाचा की टंगिया से हत्या
Photo Credit / Attribution: AI IMAGE

दंतेवाड़ा में जादू-टोना के शक में भतीजे ने चाचा की टंगिया से हत्या कर दी। पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अंधविश्वास से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पोंदुम-2 में भतीजे ने अपने ही चाचा की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान कोसा मंडावी (50) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी (27) को शक था कि उसकी मां सुकड़ी मंडावी की मौत जादू-टोना के कारण हुई है और इसके लिए वह अपने चाचा को जिम्मेदार मानता था। इसी शक और गुस्से ने उसे इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने अपने ही रिश्ते को खून से रंग दिया।

घर के आंगन से बरामद हुआ खून से लथपथ शव

3 फरवरी 2026 को पुलिस को मोबाइल फोन के जरिए सूचना मिली कि ग्राम पोंदुम-2 के गोटखुटापारा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच प्रक्रिया के दौरान कोसा मंडावी का शव उनके घर के आंगन में रक्तरंजित हालत में मिला।

सिर और अन्य हिस्सों पर गंभीर घाव थे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि हत्या बेहद निर्दयता से अंजाम दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। शुरुआती जांच में मामला हत्या का स्पष्ट होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

मां की मौत का बदला लेने रची साजिश

पुलिस ने जब मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। लोगों ने बताया कि आरोपी मुड़ा उर्फ मनकू मंडावी को लंबे समय से शक था कि उसकी मां की मौत जादू-टोना के कारण हुई है।

वह इस बात को लेकर अपने चाचा कोसा मंडावी से अक्सर झगड़ा करता था। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची। 3 फरवरी को मौका देखकर वह चाचा के घर पहुंचा और टंगिया से सिर व शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।

जंगल से आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। 4 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम पोंदुम और जारम के बीच जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टंगिया और खून से सना हाफ नेकर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a comment