नाबालिग लड़की दोस्त से फोन पर बात कर रही थी, जिसे देखकर मां ने डांट दिया। गुस्से में वह घर से निकल गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लड़की को सुरक्षित खोज लिया गया।
Sikar: यह मामला सीकर शहर का है, जहां एक परिवार किराए के मकान में रह रहा है। परिवार की 17 साल की बेटी का एक लड़के से दोस्ताना था और वह उससे अक्सर फोन पर बातचीत करती थी। 22 दिसंबर को भी लड़की अपने दोस्त से बात कर रही थी। इसी दौरान उसकी मां ने उसे फोन पर बात करते देख लिया और उसे डांट दिया।
मां की डांट से लड़की को काफी बुरा लगा और वह गुस्से में आ गई। अचानक हुई इस डांट से आहत होकर उसने बिना किसी को बताए घर छोड़ने का फैसला कर लिया।
घर से निकलते ही सीकर स्टेशन पहुंची
22 दिसंबर की शाम को ही लड़की घर से निकल गई। शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने लड़की के घर से निकलने के बाद रास्ते में लगे करीब 20 से 30 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि लड़की सीकर रेलवे स्टेशन पहुंची थी और वहां से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन में बैठ गई।
श्रीगंगानगर स्टेशन से सुरक्षित मिली नाबालिग
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सीकर पुलिस ने सभी जीआरपी थानों को सूचना दी। इसके बाद श्रीगंगानगर जीआरपी पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर लड़की को सुरक्षित ढूंढ लिया। इसकी जानकारी तुरंत सीकर पुलिस को दी गई।
सीकर पुलिस की टीम श्रीगंगानगर पहुंची और नाबालिग लड़की को अपने साथ वापस लाई। पूछताछ में लड़की ने बताया कि मां की डांट से उसे बहुत बुरा लगा था। उसने गुस्से में सोच लिया कि अब घर में नहीं रहना है।
लड़की ने यह भी बताया कि उसे नहीं पता था कि कहां जाना है, इसलिए जो ट्रेन सामने दिखी, उसी में बैठ गई। पुलिस ने समझाइश के बाद लड़की को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।











