दरभंगा में झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में महिला की मौत, इंजेक्शन के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

दरभंगा में झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में महिला की मौत, इंजेक्शन के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

दरभंगा में झोलाछाप डॉक्टर शिवजी शाह की लापरवाही से अनीता देवी (40) की मौत हो गई। परिवार ने सरकार से आर्थिक मदद और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Bihar: दरभंगा के लक्ष्मण शाह की पत्नी अनीता देवी को रविवार शाम उनके पैर के अंगूठे में चोट लगी। हल्की चोट होने के बावजूद परिवार ने तुरंत इलाज के लिए गांव में ही निजी प्रैक्टिस करने वाले दवा दुकान संचालक शिवजी शाह के पास जाना तय किया।

पति लक्ष्मण शाह ने बताया कि जैसे ही वे शिवजी शाह के पास पहुंचे, उसने बिना पूरी जांच किए तीन इंजेक्शन लगा दिए। इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद अनीता देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार ने तत्काल मदद के लिए प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और महिला की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप

मृतका के भाई संतोष साह ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवजी शाह के दवा दुकान पर इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं। शिवजी शाह करीब 10 साल से गांव में दवा दुकान चला रहे हैं, लेकिन इस घटना के बाद वह फरार हो गए हैं।

परिवार का कहना है कि तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और उनका परिवार बेहद गरीब है। पत्नी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन सरकार से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और पुलिस दोषी को जल्द पकड़ने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस तरह के झोलाछाप इलाज की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है और लोगों को अनधिकृत डॉक्टरों से इलाज कराने से बचने की चेतावनी दी गई है।

Leave a comment