दुबई से गैंगस्टर का खौफ: चतरा के कारोबारी से 2 करोड़ मांगने का मामला, FIR दर्ज

दुबई से गैंगस्टर का खौफ: चतरा के कारोबारी से 2 करोड़ मांगने का मामला, FIR दर्ज

चतरा के पत्थर कारोबारी प्रेम सिंह को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर दुबई से दो करोड़ की रंगदारी की धमकी मिली। हत्या की चेतावनी से दहशत है। एफआईआर के बावजूद कार्रवाई न होने पर व्यापारियों में आक्रोश है।

Jharkhand: पत्थर कारोबारी प्रेम सिंह को करीब एक सप्ताह पहले एक अज्ञात विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप पर ऑडियो मैसेज मिला। करीब एक मिनट लंबे इस ऑडियो में सामने वाला खुद को दुबई से बोलने वाला बता रहा है। उसने सीधे तौर पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और कहा कि अगर पैसा नहीं दिया गया तो अंजाम बहुत बुरा होगा।

ऑडियो में धमकी देने वाले ने कहा, 'हम मारने से पहले भी बोलते हैं और मारने के बाद भी जिम्मेदारी लेते हैं। एसपी, डीजीपी या कोई भी पुलिस अधिकारी तुम्हें नहीं बचा पाएगा।'

इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर साबित करने के लिए यूट्यूब वीडियो के लिंक भी भेजे। इसके बाद लगातार व्हाट्सऐप कॉल कर प्रेम सिंह और उनके परिवार को डराया गया। इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।

जान से मारने की खुली धमकी

ऑडियो मैसेज में धमकी देने वाले ने प्रेम सिंह के बेटे की शादी का भी जिक्र किया। उसने कहा कि शादी के कारण पहले छोड़ दिया गया था, लेकिन अब पैसे देने होंगे। अगर रंगदारी नहीं दी गई तो “खोपड़ी खोल देने” जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। 

इससे साफ है कि अपराधियों को कारोबारी और उसके परिवार से जुड़ी निजी जानकारी भी है। यही बात व्यापारियों की चिंता और बढ़ा रही है कि आखिर दुबई में बैठा गैंगस्टर चतरा के कारोबारियों की इतनी जानकारी कैसे जुटा रहा है।

थाने में एफआईआर

धमकियों से परेशान होकर प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में साफ तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

प्रेम सिंह का कहना है कि उन्होंने केवल थाना ही नहीं, बल्कि एसडीपीओ, एसपी, आईजी, डीजीपी और एटीएस एसपी तक शिकायत पहुंचाई है। इसके बावजूद एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

थाना प्रभारी का कहना है कि टेक्निकल सेल की मदद से कॉल और ऑडियो भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी गिरफ्तारी या बड़ी सफलता की जानकारी नहीं दी गई है।

कारोबारियों में आक्रोश

इस घटना के बाद चतरा जिले के कारोबारियों में गुस्सा और डर दोनों है। नाम न छापने की शर्त पर कई व्यापारियों ने कहा कि पुलिस लगातार निडर होकर व्यापार करने का भरोसा देती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।

कारोबारियों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। कुछ व्यापारियों ने यहां तक चेतावनी दी है कि अगर सुरक्षा नहीं मिली तो वे कारोबार बंद कर पलायन करने को मजबूर होंगे।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुबई में बैठा गैंगस्टर स्थानीय कारोबारियों की पूरी जानकारी कैसे हासिल कर रहा है और पुलिस इस नेटवर्क तक क्यों नहीं पहुंच पा रही है।

Leave a comment