FIFA World Cup 2026: ईरान ने ट्रंप के बयान पर दिया जवाब, कहा- ‘कोई भी हमें खेलने से नहीं रोक सकता’

FIFA World Cup 2026 में ईरान फुटबॉल टीम ने ट्रंप के विवादित बयान का जवाब दिया। टीम ने साफ कहा कि कोई भी उन्हें खेलने से रोक नहीं सकता। पढ़ें पूरी प्रतिक्रिया

ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अपनी जान और सुरक्षा की वजह से उन्हें फीफा विश्व कप में हिस्सा नहीं लेना चाहिए।

स्पोर्ट्स न्यूज़: आगामी FIFA World Cup 2026 से पहले ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बयानबाजी ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में हलचल मचा दी है। ट्रंप ने ईरान की टीम की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा था कि वे अपनी जान और सुरक्षा को देखते हुए टूर्नामेंट में हिस्सा न लें। इस बयान के तुरंत बाद ईरान की टीम ने पलटवार करते हुए स्पष्ट किया कि कोई भी देश उन्हें विश्व कप में खेलने से नहीं रोक सकता।

ट्रंप का बयान और सुरक्षा को लेकर चेतावनी

गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर ट्रंप ने लिखा, “ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का विश्व कप में स्वागत है, लेकिन मौजूदा हालात में उनके वहां होने से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। ट्रंप का यह बयान पश्चिम एशिया में चल रहे हालिया संघर्षों के बीच आया। उनके अनुसार, यदि ईरान की टीम अमेरिका में खेलती है, तो खिलाड़ियों की सुरक्षा का खतरा है। इस टिप्पणी ने अंतरराष्ट्रीय खेल समुदाय और फुटबॉल प्रशंसकों के बीच बहस छेड़ दी।

ईरान ने सोशल मीडिया पर किया पलटवार

ईरान की राष्ट्रीय टीम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने ट्रंप की चिंता को खारिज किया। टीम ने कहा:

'कोई भी देश हमें विश्व कप से बाहर नहीं कर सकता। यह टूर्नामेंट फीफा आयोजित करता है, न कि कोई एक देश। अमेरिका मेजबान है, लेकिन अगर वह सभी टीमों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकता, तो इसे जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। हमारी टीम ने क्वालिफिकेशन हासिल किया है और यह टूर्नामेंट खेलना हमारा अधिकार है।'

टीम ने आगे कहा कि ईरान की राष्ट्रीय टीम बहादुर खिलाड़ियों की शक्ति और कौशल का प्रतीक है। वे पहले से ही क्वालिफाई करने वाली टीमों में से एक हैं और उनका लक्ष्य पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करना है।

फीफा अध्यक्ष की पहल

ईरान के क्वालिफिकेशन के दौरान फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। इन्फेंटिनो ने ट्रंप से भरोसा दिलाया कि अमेरिका में होने वाले विश्व कप में सभी टीमों का स्वागत है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। FIFA World Cup 2026 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित किया जाएगा।

ईरान की टीम को टूर्नामेंट में तीन मैच खेलना हैं। पिछले साल एशियन क्वालिफाइंग के तीसरे राउंड में ईरान ने ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल करके लगातार चौथी बार विश्व कप में क्वालिफाई किया। टीम का मानना है कि वे अपने प्रदर्शन और रणनीति से खेल प्रेमियों को रोमांचित करेंगे।

Leave a comment