गणतंत्र दिवस हादसा: 44 छात्रों की जान जोखिम में डालने वाला शिक्षक निलंबित

डीडवाना में 26 जनवरी को 44 छात्रों से भरी पिकअप पलटने पर शिक्षक निलंबित। जिलेभर में पिकअप वाहनों पर सख्त जांच अभियान शुरू, सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

डीडवाना में 26 जनवरी को 44 छात्रों से भरी पिकअप पलटने के मामले में शिक्षक को निलंबित किया गया है। जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद जिलेभर में पिकअप वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया गया है।

Rajasthan: 26 जनवरी को डीडवाना जिले के छोटे खाटू क्षेत्र में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद एक बड़ा हादसा सामने आया। समारोह से लौटते समय 44 स्कूली बच्चों को ले जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार सभी छात्र-छात्राएं घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे।

जांच में उजागर हुई शिक्षक की लापरवाही

जांच समिति की रिपोर्ट में सामने आया कि दुर्घटना के समय पिकअप वाहन अधिकृत चालक नहीं, बल्कि शिक्षक स्वयं चला रहा था। वाहन का अधिकृत चालक लादूराम था, लेकिन मण्डुकरा गांव के पास शिक्षक संतोष कुमार ने खुद पिकअप की स्टेयरिंग संभाल ली।

करीब एक किलोमीटर आगे वाहन से नियंत्रण हटने के कारण पिकअप पलट गई। जांच में इसे गंभीर लापरवाही माना गया। रिपोर्ट के आधार पर जिला कलक्टर डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने शिक्षक संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।

निलंबन के साथ अन्य कार्रवाई भी शुरू

जिला शिक्षा अधिकारी सूबे सिंह ने निलंबन आदेश जारी करते हुए शिक्षक का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नावां निर्धारित किया है। वहीं परिवहन विभाग ने भी कार्रवाई तेज कर दी है।

हादसे में शामिल पिकअप वाहन का पंजीकरण रद्द करने और शिक्षक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलेभर में पिकअप वाहनों पर सख्ती

इस घटना के बाद परिवहन विभाग ने पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। क्षमता से अधिक सवारी ढोने और नियमों का उल्लंघन करने वाले पिकअप वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।

दो दिवसीय अभियान के दौरान 37 पिकअप वाहनों के चालान काटे गए हैं। वाहन मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और छात्रों व आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Leave a comment