गोरखपुर में रोडवेज बस में एक दिव्यांग यात्री को चढ़ने से रोके जाने का मामला सामने आया है। घटना से आहत पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय और मदद की गुहार लगाई है। मामले के सामने आने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार दिव्यांग व्यक्ति ओम प्रकाश शुक्ला दवा लेने के लिए गोरखपुर बस स्टेशन पहुंचे थे। रुद्रपुर जाने वाली रोडवेज बस में सवार होने के दौरान चालक ने उन्हें यह कहते हुए रोक दिया कि दिव्यांग यात्रियों को बैठाने पर चालान हो सकता है। पीड़ित द्वारा बार-बार आग्रह करने के बावजूद चालक ने बस में प्रवेश नहीं करने दिया।
ओम प्रकाश शुक्ला ने इसकी शिकायत डिपो कार्यालय में भी की, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मजबूर होकर उन्होंने दूसरी बस से यात्रा की और बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री से मदद की अपील की।
गोरखपुर रोडवेज डिपो प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि चालक की लापरवाही या गलत व्यवहार सामने आता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












