ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विकास और रखरखाव से जुड़े 25 कार्यों को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर 31.92 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इच्छुक एजेंसियां 18 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगी और 21 सितंबर को प्री-क्वालिफिकेशन बैठक होगी।
ग्रेटर नोएडा: शहर में सड़क, नाली, विद्युत, उद्यान और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 25 विकास एवं अनुरक्षण परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। इन कार्यों की अनुमानित लागत 31.92 करोड़ रुपये है। प्राधिकरण ने इच्छुक निर्माण एजेंसियों से 18 सितंबर तक आवेदन मांगे हैं, जबकि 21 सितंबर को प्री-क्वालिफिकेशन प्रक्रिया होगी।
सड़क और ड्रेनेज से जुड़े कामों पर जोर
प्राधिकरण की स्वीकृत परियोजनाओं में सड़क और जल निकासी से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। सेक्टर-3 में बाउंड्रीवाल के निर्माण और मरम्मत का काम करीब 80.61 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। सेक्टर पी-3 में ओपन जिम, बच्चों के खेल उपकरण और हट निर्माण के लिए 94.76 लाख रुपये का प्रावधान है।
![]()
सेक्टर पी-3 बिल्डर्स एरिया में 24 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ ग्रास पेवर ब्लॉक लगाने पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सेक्टर-1 और केपी-5 में 80 मीटर सड़क तथा सेक्टर-1 की ग्रीन बेल्ट में प्री-स्ट्रेस्ड हाली आरसीसी नाली के निर्माण पर 1.57 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।
सेक्टर ईकोटेक-6 में 60 मीटर सड़क पर आरसीसी ड्रेन कवर्ड करने के लिए 1.68 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-3 की आंतरिक सड़कों की रिसर्फेसिंग, दनकौर-सिकंदराबाद रोड से दनकौर मार्ग की रिसर्फेसिंग और विभिन्न क्षेत्रों में आरसीसी प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
वार्षिक अनुरक्षण और विद्युत व्यवस्था भी शामिल
एसके रोड पर एलजी गोलचक्कर से सेक्टर स्वर्ण नगरी तक तीन वर्ष के लिए नाली सफाई, पटरी दुरुस्ती और पेंटिंग के वार्षिक अनुरक्षण कार्य पर 1.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सेक्टर-12 में तीन वर्ष तक नाली सफाई व्यवस्था के लिए 1.64 करोड़ रुपये और सेक्टर अल्फा-1 में नाली सफाई, रंगाई-पुताई, पटरी ड्रेसिंग तथा जंगल सफाई के लिए 1.61 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई काम मंजूर किए गए हैं। मलकपुर प्राथमिक विद्यालय के आंतरिक विद्युत कार्य और बोडाकी व पाली अंडरपास में एलईडी लाइट लगाने पर 17.05 लाख रुपये खर्च होंगे। जलपुरा स्थित 220 केवी सब स्टेशन के सामने 45 मीटर रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 26.35 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
पल्ला गांव की छह प्रतिशत आबादी में विद्युतीकरण पर 1.08 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहर में पहले से लगी एलईडी स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट के तीन वर्ष के रखरखाव एवं संचालन के लिए करीब 1.06 करोड़ रुपये तथा विभिन्न गांवों में एलईडी हाईमास्ट लगाने के लिए 1.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के काम भी मंजूर
उद्यान और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े छह कार्यों को भी परियोजना सूची में शामिल किया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में वर्टिकल गार्डन बनाने पर 28.48 लाख रुपये खर्च होंगे। तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तिराहा तक सेंट्रल वर्ज में पौधों की कटाई और पेंटिंग के लिए 1.05 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
बादलपुर और दादरी बाईपास की ग्रीन बेल्ट व पार्कों के रखरखाव पर 1.13 करोड़ रुपये, आईटीबीपी गोलचक्कर से होली पब्लिक स्कूल सेक्टर सिग्मा-1 तक ग्रीन बेल्ट के लिए 1.42 करोड़ रुपये और सेक्टर जीटा रोटरी से डीएससी रोड तक 75 मीटर चौड़ी हरित पट्टी के रखरखाव पर 1.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाने के लिए निर्धारित स्थान विकसित करने पर 1.07 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।
प्राधिकरण ने इच्छुक एजेंसियों को निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। 18 सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 21 सितंबर को प्री-क्वालिफिकेशन बैठक होगी। इसके बाद पात्र एजेंसियों के बीच कार्यों का वितरण कर परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।










