पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने गुरुग्राम के सेक्टर-58 स्थित Oberoi 360 North परियोजना में नई यूनिटों के आवंटन पर अंतरिम रोक लगा दी है। परियोजना के लाइसेंस की वैधता पर डीटीसीपी के अंतिम निर्णय तक यह रोक प्रभावी रहेगी।
गुरुग्राम: Oberoi 360 North Project को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए नई यूनिटों की बुकिंग और किसी नए खरीदार के पक्ष में अधिकार सृजित करने पर रोक लगा दी है। यह आदेश तब तक लागू रहेगा, जब तक हरियाणा के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (DTCP) के निदेशक परियोजना के लाइसेंस की वैधता से जुड़ी शिकायत पर अंतिम फैसला नहीं दे देते।
हाईकोर्ट ने नई यूनिटों के आवंटन पर लगाई अंतरिम रोक
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की खंडपीठ ने गुरुग्राम के सेक्टर-58 स्थित ओबेराय रियल्टी की आवासीय परियोजना Oberoi 360 North में फिलहाल किसी भी नई यूनिट के आवंटन पर रोक लगा दी है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी नए खरीदार के पक्ष में नए अधिकार भी सृजित नहीं किए जाएंगे। यह अंतरिम आदेश एडवांस इंडिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (AIPL) की याचिका पर सुनवाई के दौरान पारित किया गया।
![]()
याचिका में 12 मई 2025 को जारी परियोजना के लाइसेंस और 17 जून 2025 को हुए लाइसेंस हस्तांतरण आदेश को चुनौती दी गई है। साथ ही ओबेराय रियल्टी के पक्ष में की गई बिक्री विलेख को भी निरस्त करने की मांग की गई है।
लाइसेंस की वैधता पर DTCP करेगा फैसला
हरियाणा सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि परियोजना के लाइसेंस को रद्द करने की मांग वाली शिकायत फिलहाल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (DTCP) के निदेशक के समक्ष लंबित है। विभाग हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1975 की धारा-8 के तहत इस मामले की सुनवाई कर रहा है।
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि डीटीसीपी के अंतिम निर्णय तक परियोजना में नई बुकिंग नहीं की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। सरकार ने अदालत को भरोसा दिलाया कि निर्णय लेने से पहले सभी संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
परियोजना से जुड़े विवाद और आरोप
याचिकाकर्ता के अनुसार सेक्टर-58 में लगभग 14.816 एकड़ भूमि पर विकसित हो रही इस परियोजना का लाइसेंस नियमों के विपरीत जारी किया गया है। याचिका में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि ये केवल याचिकाकर्ता के आरोप हैं और अदालत ने अभी इनकी सत्यता पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि परियोजना की अनुमानित लागत 8,000 से 10,000 करोड़ रुपये के बीच है। अब तक लगभग 350 आवासीय यूनिटों का आवंटन किया जा चुका है और खरीदारों से करीब 750 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। याचिकाकर्ता का तर्क था कि यदि विवाद के अंतिम निस्तारण से पहले और यूनिटों का आवंटन किया गया, तो भविष्य के खरीदारों के हित प्रभावित हो सकते हैं और कानूनी विवाद और जटिल हो जाएगा।
याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2024 में इसी भूमि से जुड़े एक मामले में आइरियो और ओबेराय रियल्टी के खिलाफ कथित मिलीभगत और धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। हालांकि उस मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने फिलहाल कार्रवाई पर रोक लगा रखी है और मामला अभी विचाराधीन है।









