वडोदरा में खेले जा रहे पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी कर 301 रन बनाए। कॉन्वे और निकल्स ने शतकीय साझेदारी की, जबकि डेरिल मिचेल की आक्रामक पारी ने स्कोर को मजबूत बनाया। भारत के लिए चुनौतीपूर्ण लक्ष्य।
IND vs NZ 1st ODI: वडोदरा के बीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मैच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी कीवी टीम ने मजबूत शुरुआत के बाद भारत के सामने 301 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। मैच के शुरुआती 33 ओवर में न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 170 रन बना लिए थे, जिससे ऐसा लग रहा था कि टीम 320 के पार आसानी से जाएगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाकर कीवी बल्लेबाजों को सीमित स्कोर पर रोक दिया।
कॉन्वे और निकल्स की शानदार साझेदारी
न्यूजीलैंड के लिए डेवोन कॉन्वे और हेनरी निकल्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी की। पहला विकेट 22वें ओवर में 117 रनों के स्कोर पर गिरा। हेनरी निकल्स ने 69 गेंद में 62 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल थे। वहीं डेवोन कॉन्वे ने 67 गेंद में 56 रन बनाए, जिनमें 6 चौके और एक छक्का शामिल था। इस साझेदारी की वजह से कीवी टीम ने मजबूत आधार बनाया और मध्यक्रम को संभालने का मौका दिया।
इस दौरान तीसरे विकेट के लिए विल यंग केवल 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद न्यूजीलैंड ने अपने मध्यक्रम में कुछ झटके झेले, लेकिन अंत में डेरिल मिचेल ने पारी संभालते हुए जोरदार बल्लेबाजी की।
डेरिल मिचेल का आक्रमक खेल

न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने 71 गेंद में 84 रन की आक्रामक पारी खेली। मिचेल ने 5 चौके और 3 छक्के जड़े। शतकीय साझेदारी टूटने के बाद मिचेल ने टीम को संकट से निकाला और स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 19 गेंद में 12 रन बनाए, मिचेल हे ने 13 गेंद में 18 रन और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने 18 गेंद में 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
डेब्यूमैन क्रिस्टियन क्लार्क ने भी किया योगदान
न्यूजीलैंड के डेब्यूमैन क्रिस्टियन क्लार्क ने अपने पहले वनडे मैच में टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 17 गेंद में नाबाद 24 रन बनाए, जिसमें 3 चौके शामिल थे। उनके साथ काइल जैमिसन 8 गेंद में 8 रन बनाकर नाबाद रहे। इस प्रदर्शन ने कीवी टीम को 300 रनों के करीब पहुंचने में मदद की।
भारत की गेंदबाजी प्रदर्शन
भारतीय गेंदबाजों ने मैच में अहम भूमिका निभाई। मोहम्मद सिराज ने 8 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं हर्षित राणा ने 10 ओवर में 65 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 2 विकेट लिए जबकि कुलदीप यादव को एक सफलता मिली। इन प्रदर्शन के बावजूद टीम को चिंता इस बात की रही कि वाशिंगटन सुंदर चोटिल हो गए हैं और उनकी बैटिंग पर असर पड़ सकता है। वह फिलहाल मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।
मैच की स्थिति और भारत के लिए चुनौती
न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग कर भारत के सामने 301 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। भारत के लिए यह लक्ष्य मुश्किल जरूर है, लेकिन ओपनर शुभमन गिल और रोहित शर्मा की जोड़ी अच्छी शुरुआत कर सकती है। टीम इंडिया को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत बल्लेबाजी और संयमित खेल की जरूरत होगी।











