भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली और लगातार सातवीं टी20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड बनाया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें और निर्णायक मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हराकर सीरीज पर मुहर लगाई। इसके साथ ही टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार सातवीं टी20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी बरकरार रखा।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की इस शानदार बल्लेबाजी के नायक रहे तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या, जिन्होंने अर्धशतकीय पारियां खेलकर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की एक न चलने दी।
भारत की विस्फोटक बल्लेबाजी
![]()
सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 34 रन बनाए और इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 1000 रन भी पूरे किए। उन्होंने यह उपलब्धि मात्र 528 गेंदों में हासिल कर ली, जो भारतीय बल्लेबाजों में सबसे तेज है।
संजू सैमसन ने भी आत्मविश्वास भरी पारी खेलते हुए 22 गेंदों में 37 रन बनाए। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव इस मैच में सिर्फ पांच रन ही बना सके। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने मैदान पर तूफान ला दिया। उन्होंने 25 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 252 रहा।
तिलक वर्मा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 73 रन बनाए। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक था। उनकी पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। अंत में शिवम दुबे और जितेश शर्मा नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कॉर्बिन बॉश ने दो विकेट लिए, जबकि जॉर्ज लिंडे और ओटनिल बार्टमैन को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाया दक्षिण अफ्रीका
![]()
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी रही। रीजा हैंड्रिक्स और क्विंटन डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। हालांकि वरुण चक्रवर्ती ने हैंड्रिक्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हैंड्रिक्स 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
क्विंटन डिकॉक ने 65 रन की शानदार पारी खेली और अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 18वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने उन्हें आउट कर दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदों को झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 31 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर (18), जॉर्ज लिंडे (16) और मार्को यानसेन (14) कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके।भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने चार विकेट झटके, जबकि बुमराह को दो सफलता मिली। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने भी एक-एक विकेट लिया।









