इंदौर में 13 साल के बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को पलंग पेटी में छिपाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। मामले में दुष्कर्म की कोशिश का खुलासा हुआ है।
Madhya Pradesh: इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाला 13 साल का बच्चा शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अचानक लापता हो गया था। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था और रोज की तरह घर के बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने आसपास तलाश की, रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
सीसीटीवी से मिला सुराग
सीसीटीवी फुटेज में बच्चा एक छह मंजिला इमारत में जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस और परिजन उस बिल्डिंग में पहुंचे और तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान इमारत की छत पर खून से सना एक जैकेट मिला।
छत पर तीन से चार जगह खून के धब्बे भी पाए गए, जिन्हें साफ करने की कोशिश के निशान थे। इससे पुलिस को शक हुआ कि वारदात छत पर ही हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या उसी बिल्डिंग की छत पर की गई, जो बच्चे के घर से लगभग 30 मीटर दूर है।
पुलिस के साथ घूमता रहा आरोपी

तलाशी के दौरान रेहान नाम का युवक पुलिस के साथ ही घूमता रहा। उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे। पूछताछ में वह बातों को टालता रहा। पुलिस ने उसके हाथ और गले पर खरोंच के निशान देखे।
रेहान ने बताया कि वह मशीन पर काम करता है, लेकिन जांच में सामने आया कि वह पिछले चार महीने से वर्कशॉप गया ही नहीं था। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और पूरी सच्चाई बता दी।
पलंग पेटी में छिपाया शव
आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद शव को चौथी मंजिल के फ्लैट में ले जाकर पलंग पेटी में छिपा दिया गया। शव के ऊपर कंबल डाला गया और किसी को शक न हो, इसलिए पलंग पर उसकी बीमार दादी को सुला दिया गया। जब पुलिस ने दादी को हटाकर पलंग पेटी खोली, तो कंबल में लिपटा बच्चे का शव मिला।
इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर रेहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले बच्चे के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। विरोध करने और चिल्लाने पर नायलॉन की रस्सी से कई बार गला घोंटा गया और फिर ईंट से चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
दूसरा आरोपी फरार
रेहान के साथ उसका दोस्त रिजवान भी इस वारदात में शामिल था, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आरोपी के ताऊ की लोकेशन भी ट्रेस की गई है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी की मां और दादी को भी थाने बुलाया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा पुलिस कर रही है।










