इंदौर में विशाल चुनरी यात्रा का CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ, मां बिजासन को अर्पित की 2.5 किमी लंबी चुनरी

इंदौर में CM मोहन यादव ने चुनरी यात्रा का शुभारंभ किया। 2.5 किमी लंबी चुनरी मां बिजासन को अर्पित हुई, ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू रहा।

इंदौर में नवरात्रि के अवसर पर विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। 2.5 किलोमीटर से अधिक लंबी चुनरी मां बिजासन को अर्पित की गई। यात्रा के कारण शहर के कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहा। मुख्यमंत्री ने एमवाय अस्पताल में PET-CT सेंटर का शुभारंभ और देवी अहिल्याबाई स्मारक का निरीक्षण भी किया।

इंदौर: नवरात्रि के अवसर पर इंदौर में विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा गणपति चौराहे पर यात्रा का शुभारंभ किया। हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए और रास्तेभर मां बिजासन के जयकारे लगाए। 2.5 किलोमीटर से अधिक लंबी चुनरी मां बिजासन मंदिर में अर्पित की गई। यात्रा के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एमवाय अस्पताल में PET-CT स्कैन सेंटर का उद्घाटन और देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक का निरीक्षण भी किया।

CM मोहन यादव ने किया विशाल चुनरी यात्रा का शुभारंभ

इंदौर में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित विशाल चुनरी यात्रा की शुरुआत बड़ा गणपति चौराहे से हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां पहुंचकर यात्रा का शुभारंभ किया और करीब 10 से 12 मिनट तक कार्यक्रम में रुककर संबोधन दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्रि, दशहरा और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री सुसज्जित वाहन में सवार होकर लालबाग के लिए रवाना हो गए।

इंदौर में विशाल चुनरी यात्रा का CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ, मां बिजासन को अर्पित की 2.5 किमी लंबी चुनरी

कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत यादव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होकर वायरलेस चौराहा, कालानी नगर, एरोड्रम थाना, पंचशील नगर, बाबू मुराई कॉलोनी और एयरपोर्ट प्रवेश द्वार से होते हुए बिजासन माता मंदिर पहुंची। यात्रा में लाखों सितारों से सुसज्जित 2.5 किलोमीटर से अधिक लंबी चुनरी मां बिजासन को अर्पित की गई। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह दिखाई दिया और मार्ग पर माता के जयकारे गूंजते रहे।

यात्रा के कारण कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट

विशाल चुनरी यात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों के लिए डायवर्जन की व्यवस्था की। गंगवाल, राजमोहल्ला और नगर निगम चौराहे पर सिटी बसों तथा बड़े वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। महेश नगर, गोराकुंड, टोरी कॉर्नर, गोपाल बिल्डिंग और अंतिम चौराहे पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया।

कर्णावतपुरा तिराहे और बड़वाली चौकी से बड़ा गणपति की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजने की व्यवस्था रही। वहीं, 60 फीट एसएफए टर्निंग, भूतल पुलिया के पीछे, कब्रिस्तान के सामने और 60 फीट रोड पर वायरलेस चौराहे तथा कालानी नगर की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया। दिलीप नगर टी और सुपर कॉरिडोर चौराहे से बिजासन माता मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए।

यात्रा संयोजक सुदर्शन गुप्ता ने नागरिकों से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बड़ा गणपति मंदिर से बिजासन माता मंदिर के बीच अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को उड़ान के समय को ध्यान में रखते हुए पहले घर से निकलने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।

एमवाय अस्पताल में PET-CT स्कैन सेंटर शुरू

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय एमवाय अस्पताल के न्यू कैंसर हॉस्पिटल ब्लॉक में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत PET-CT स्कैन सेंटर का शुभारंभ भी किया। श्री अरबिंदो अस्पताल के सहयोग से शुरू हुई इस सुविधा से कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की जांच और समय पर निदान में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक से बीमारियों की शुरुआती पहचान और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इंदौर के कैंसर मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम होगी। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा के मेडिकल कॉलेजों में भी इसी तरह के सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।

श्री अरबिंदो अस्पताल के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी ने बताया कि अगले तीन महीनों में एमवाय अस्पताल परिसर में रोबोटिक सर्जरी सेंटर स्थापित करने की योजना है। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और चिकित्सा विशेषज्ञ मौजूद रहे।

देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने लालबाग पैलेस के पास निर्माणाधीन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक का निरीक्षण किया। उन्होंने लालबाग पैलेस, रामपुर कोठी, चंपा बावड़ी और शिव मंदिर को एकीकृत विकास योजना में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटक इन ऐतिहासिक स्थलों को एक साथ देख सकें।

करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पहले चरण में 40 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। स्मारक में संग्रहालय, 3डी प्रोजेक्शन, डिजिटल प्रस्तुतियों और लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से देवी अहिल्याबाई के जीवन, सुशासन और जनसेवा को प्रदर्शित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने रामपुर कोठी के जीर्णोद्धार के दौरान उसके मूल ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a comment