IPL 2025: 40 पार उम्र में भी फाफ डु प्लेसिस का जलवा, सचिन को पछाड़ रचा नया रिकॉर्ड

IPL 2025 में फाफ डु प्लेसिस ने 40 की उम्र पार करने के बाद भी धमाकेदार बल्लेबाज़ी करते हुए सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जानें इस नए इतिहास की पूरी कहानी

आईपीएल 2025 के 48वें लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें आमने-सामने थीं। यह रोमांचक मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां केकेआर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 14 रनों से जीत लिया। 

DC vs KKR: आईपीएल 2025 के 48वें मुकाबले में भले ही दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स से 14 रन से शिकस्त मिली हो, लेकिन इस मैच में टीम के अनुभवी खिलाड़ी फाफ डु प्लेसिस ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। उम्र के उस पड़ाव पर जहां ज्यादातर खिलाड़ी रिटायरमेंट की ओर बढ़ जाते हैं, वहां फाफ का बल्ला और भी ज्यादा चमक बिखेर रहा है। 45 गेंदों में 62 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को एक खास मामले में पीछे छोड़ दिया है।

40 की उम्र पार, लेकिन जोश कम नहीं

फाफ डु प्लेसिस ने आईपीएल में 40 वर्ष की उम्र के बाद अब तक 5 मैचों में कुल 165 रन बना लिए हैं। उनका औसत 33 का है, जो इस आयु में भी उनके फिटनेस और क्लास को दर्शाता है। इस लिस्ट में उन्होंने अब सचिन तेंदुलकर को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 40 की उम्र पार करने के बाद आईपीएल में कुल 8 मैच खेलकर 164 रन बनाए थे। सचिन का औसत उस दौरान 23.42 का रहा था।

IPL 2025: 40 पार उम्र में भी फाफ डु प्लेसिस का जलवा, सचिन को पछाड़ रचा नया रिकॉर्ड

इस खास क्लब में अब फाफ पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर हैं एमएस धोनी, जिन्होंने 40 की उम्र के बाद 62 मैचों में 714 रन बनाए हैं। धोनी का औसत 31.04 का है और वे 40 पार खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहे हैं।

उम्र को दी चुनौती, फिटनेस बनी मिसाल

फाफ की पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनकी बल्लेबाजी में अनुभव, टाइमिंग और संयम का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला। उनकी फिटनेस और फुर्ती युवाओं को भी पीछे छोड़ देती है। टी20 जैसा तेज़ प्रारूप अक्सर बुजुर्ग खिलाड़ियों के लिए मुश्किल साबित होता है, लेकिन फाफ का खेल इस मिथक को तोड़ता है।

IPL 2025: 40 पार उम्र में भी फाफ डु प्लेसिस का जलवा, सचिन को पछाड़ रचा नया रिकॉर्ड

आईपीएल ही नहीं, फाफ डु प्लेसिस ने 40 की उम्र पार करने के बाद समग्र टी20 क्रिकेट में भी कमाल दिखाया है। वे इस आयु वर्ग में दुनिया के पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने अब तक 33 मैचों में 36.38 की औसत से 1128 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 11 अर्धशतक भी जड़े हैं, जो उनकी निरंतरता और प्रभावशीलता का प्रमाण है।

टी20 क्रिकेट में 40+ उम्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में पाकिस्तान के शोएब मलिक शीर्ष पर हैं। शोएब ने 2201 रन बनाए हैं और अब भी सक्रिय क्रिकेट में भाग ले रहे हैं।

Leave a comment