आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी में हुआ, जिसमें कई दिग्गज खिलाड़ियों पर जोरदार बोली लगी। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन आईपीएल ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन ने एक बार फिर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी। 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी में आयोजित इस ऑक्शन में कुल 156 खिलाड़ियों पर बोली लगी, लेकिन कुछ बड़े नाम ऐसे भी रहे, जिन्हें कोई फ्रेंचाइजी खरीदने के लिए आगे नहीं आई। इस ऑक्शन में 10 आईपीएल टीमों ने कुल 77 खिलाड़ियों को खरीदा और इसके लिए उन्होंने 215.45 करोड़ रुपये खर्च किए।
इनमें 29 विदेशी खिलाड़ी और 48 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। जबकि ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने साथ जोड़ा और वह इतिहास में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। इसी तरह केकेआर ने मथीशा पथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा। लेकिन ऑक्शन में कई बड़े नाम ऐसे भी रहे, जिन्हें कोई खरीदार नहीं मिला और वह अनसोल्ड रह गए।
IPL 2026 मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड टॉप-5 खिलाड़ी

1. जैक फ्रेजर मैकगर्क (Jake Fraser Mcgurk)
जैक फ्रेजर मैकगर्क का नाम IPL 2026 ऑक्शन में सबसे पहले आया, लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस के साथ नीलामी में आए जैक फ्रेजर पिछले आईपीएल सीजन तक दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे थे। उन्होंने आईपीएल के दो सीजन (2024-2025) में कुल 15 मैच खेलते हुए 385 रन बनाए थे। पिछली बार उन्हें केवल 6 मैचों में 55 रन बनाने का मौका मिला।
2. स्टीव स्मिथ (Steve Smith)
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी इस ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस के बावजूद किसी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा। स्मिथ ने आईपीएल में आखिरी बार 2021 में खेला था, जिसमें उन्होंने 8 मैचों में 152 रन बनाए। आईपीएल में अब तक उनके नाम 103 मैच और 2485 रन दर्ज हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं।
3. महीश थीक्षणा (Maheesh Theekshana)
श्रीलंकाई स्पिनर महीश थीक्षणा को भी इस बार कोई खरीदार नहीं मिला। वह पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते थे, जिन्हें पिछले ऑक्शन में 4.40 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। इससे पहले वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रहे थे।
4. रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz)
अफगानिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज भी IPL 2026 ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। उनका बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपये था। गुरबाज पिछले आईपीएल सीजन में केकेआर के लिए खेलते हुए नजर आए थे।
5. डेवोन कॉनवे (Devon Conway)
न्यूजीलैंड के बैटर डेवोन कॉनवे को भी इस बार कोई खरीदार नहीं मिला। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस के साथ नीलामी में आए कॉनवे पिछले सीजन तक CSK का हिस्सा रहे थे। पिछले साल ऑक्शन में उन्हें 6.25 करोड़ रुपये में CSK ने खरीदा था, लेकिन इस बार वह अनसोल्ड रहे, जिसे लेकर फैंस और विशेषज्ञ हैरान हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ बड़े खिलाड़ियों का अनसोल्ड रह जाना ऑक्शन की रणनीति और टीमों की जरूरतों का परिणाम है। टीमें इस बार युवा और अनकैप्ड खिलाड़ियों में निवेश करना ज्यादा पसंद कर रही थीं।











