जॉब छोड़ घूमने गये युवक की कार्डियक अरेस्ट से मौत; पिता से कहा- ब्रेक के बाद नई शुरुआत करूंगा

जॉब छोड़ घूमने गये युवक की कार्डियक अरेस्ट से मौत; पिता से कहा- ब्रेक के बाद नई शुरुआत करूंगा
AI IMAGE

भोपाल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष बिजोरे की मसूरी में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। परिवार का कहना है कि हर्ष की मौत पर उन्हें कोई शक नहीं है।

Madhya Pradesh: भोपाल निवासी 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर हर्ष बिजोरे की मसूरी में हुई मौत के बाद उनका परिवार वहां पहुंच गया है। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने बॉडी परिजनों को सौंप दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।

हर्ष अपने परिवार में बड़ी बहन के बाद इकलौता बेटा था। वह पिछले करीब तीन सालों से दिल्ली-गुरुग्राम में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर रहा था। घरवालों के अनुसार, वह पढ़ाई और करियर को लेकर हमेशा गंभीर रहता था।

नई नौकरी की बना रहा था योजना

हर्ष के पिता जितेंद्र बिजोरे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर टिकट रिजर्वेशन विभाग में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि हर्ष पहले से ही कंपनी बदलने की योजना बना रहा था। दिसंबर महीने में उसने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था और 30 दिसंबर तक काम किया।

पिता ने बताया कि हर्ष नए साल में नई शुरुआत करना चाहता था। उसने कहा था कि घूमकर लौटने के बाद नई नौकरी की तलाश शुरू करेगा। परिवार के साथ उसकी रोज बात होती थी और वह कभी किसी तरह की परेशानी नहीं बताता था।

दोस्तों के साथ घूमने गया था मसूरी

हर्ष 1 जनवरी 2026 को अपने ऑफिस में साथ काम करने वाली दो महिला मित्रों और एक युवक के साथ घूमने के लिए मसूरी गया था। इनमें उसकी दोस्त भावना वर्मा का जन्मदिन भी था, जिसे सभी ने मिलकर वहीं मनाया।

मसूरी पहुंचने के बाद सभी लोग एक होम स्टे में रुके थे। जन्मदिन समारोह के बाद हर्ष रात करीब 11 बजे अपने कमरे नंबर 102 में सोने चला गया। इसके बाद किसी को अंदेशा नहीं था कि अगली सुबह ऐसी दुखद खबर सामने आएगी।

सुबह दोस्त ने देखा शरीर अकड़ा हुआ 

3 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10:54 बजे मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि मसूरी झील के पास स्थित होम स्टे “Zen Den” में ठहरे युवक हर्ष की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसका शरीर अकड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बार्लोगंज चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 108 एम्बुलेंस की मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित किया।

पुलिस के अनुसार, हर्ष का दोस्त विशाल कुमार सुबह नाश्ता लेकर उसे जगाने गया, लेकिन कमरे में हर्ष में कोई हलचल नहीं थी और शरीर बहुत ठंडा हो चुका था। परिवार का कहना है कि हर्ष खुशमिजाज था और किसी परेशानी में नहीं था। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a comment