जर्मनी ने हॉकी में एक बार फिर शानदार कारनामा कर दिखाया। जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में जर्मनी ने रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में स्पेन को 3-2 से हराकर इतिहास रच दिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025-26 का खिताब जर्मनी ने 8वीं बार जीतकर अपनी हॉकी की बादशाहत साबित कर दी है। चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में जर्मनी ने स्पेन को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया, जबकि निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।
जर्मनी की यह जीत न केवल उनकी मजबूती को दर्शाती है, बल्कि यह बताती है कि जूनियर हॉकी में उनकी पकड़ कितनी मजबूत है। स्पेन अब भी अपने पहले जूनियर वर्ल्ड कप खिताब की तलाश में है।
जर्मनी का रिकॉर्ड प्रदर्शन
13 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में जर्मनी ने 10वीं बार फाइनल खेलते हुए 8वां खिताब अपने नाम किया। जर्मनी ने इससे पहले 1982, 1985, 1989, 1993, 2009, 2013 और 2023 में ट्रॉफी जीती थी। इस तरह जर्मनी जूनियर हॉकी में सबसे अधिक खिताब जीतने वाली टीम बन गई है। स्पेन की बात करें तो उसने अब तक केवल ब्रॉन्ज मेडल ही जीते हैं, और यह देश अभी तक फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर सका।
स्पेन ने 2005 में रोटरडम और 2023 में भुवनेश्वर और राउरकेला में हुए टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। इस टूर्नामेंट का आयोजन 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में हुआ, जिसमें कुल 16 टीमों ने भाग लिया।
![]()
फाइनल मैच का रोमांच
जर्मनी और स्पेन के बीच फाइनल का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। 26वें मिनट में जस्टस वारवेग ने शानदार फील्ड गोल करते हुए जर्मनी को बढ़त दिलाई।हालांकि, स्पेन ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही जवाब दिया और निकोलस मुस्तारोस ने 33वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। मैच में पेनल्टी कार्नर भी निर्णायक भूमिका निभा रहे थे।
स्पेन ने पहले क्वार्टर में दबदबा बनाए रखा और 5 पेनल्टी कार्नर अर्जित किए, लेकिन गोल में तब्दील नहीं कर पाए। जर्मनी को भी 3 पेनल्टी कार्नर मिले, पर कोई भी गोल नहीं हुआ। मैच का रोमांच शूटआउट तक पहुंचा, जहां जर्मनी ने 3-2 से बाजी मारी।
भारत ने पहली बार जीता ब्रॉन्ज मेडल
फाइनल से पहले खेले गए ब्रॉन्ज मुकाबले में भारत ने अर्जेंटीना को 4-2 से हराकर इतिहास रच दिया। यह भारत का जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में पहला ब्रॉन्ज मेडल है। इससे पहले भारत ने 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीत चुका है। पांचवें और छठे स्थान के लिए: बेल्जियम ने नीदरलैंड को शूटआउट में 4-3 से हराया।
सातवें और आठवें स्थान के लिए: फ्रांस ने न्यूजीलैंड को 4-1 से मात दी। इस तरह टूर्नामेंट ने न केवल फाइनल रोमांच दिया, बल्कि अन्य टीमों के बीच भी मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धी रहे।










