जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन किया। कोलकाता में खेले जा रहे भारत और साउथ अफ्रीका के पहले टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका की टीम पहले ही दिन 159 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस दौरान बुमराह ने पांच विकेट अपने नाम किए।
स्पोर्ट्स न्यूज़: कोलकाता में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन किया। मैच के पहले दिन ही बुमराह ने साउथ अफ्रीकी टीम को 159 रन पर समेट दिया, जिसमें उन्होंने 5 विकेट झटके। बुमराह के इस प्रदर्शन ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम का एक अनोखा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। वहीं, वकार यूनिस और शोएब अख्तर जैसे दिग्गज गेंदबाज भी इस रिकॉर्ड से काफी पीछे रह गए।
बुमराह का जादू और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
इस मैच में साउथ अफ्रीका की पूरी टीम ने मिलकर सिर्फ 159 रन बनाए। टीम के किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं बनाया। सलामी बल्लेबाज एडन मार्करम ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए। इसके अलावा रायन रिकल्टन 23 रन पर आउट हुए। कप्तान टेंबा बावुमा मात्र 3 रन पर चलते बने, जबकि टोनी डी जोरजी ने 55 गेंदों में 24 रन बनाए। इस प्रदर्शन से साफ है कि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने पूरी तरह संघर्षरत रहे।
![]()
जसप्रीत बुमराह ने अपने 14 ओवर में केवल 27 रन खर्च किए और 5 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने 5 मेडन ओवर भी फेंके। बुमराह के अलावा कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया। इस प्रदर्शन के साथ ही बुमराह अब सेना देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के खिलाफ सबसे ज्यादा बार एक पारी में पांच विकेट लेने वाले एशियाई गेंदबाज बन गए हैं।
उन्होंने अब तक 13 बार यह कारनामा किया है, जबकि वसीम अकरम ने यह रिकॉर्ड 12 बार, कपिल देव ने 11 बार, वकार यूनिस 9 बार और शोएब अख्तर एवं इमरान खान 8-8 बार हासिल किया।








