JSSC JILCCE 2026 के तहत 326 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन का आज आखिरी मौका है। 12वीं पास उम्मीदवार 4 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फीस भुगतान और फोटो-सिग्नेचर अपलोड की अंतिम तिथि 5 सितंबर है।
नई दिल्ली: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के लिए आवेदन करने की आज, 4 सितंबर 2026, अंतिम तिथि है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 326 नियमित पदों पर नियुक्ति की जानी है। योग्य उम्मीदवार JSSC की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन jcx26.cbtexam.in कर सकते हैं।
326 पदों पर होगी भर्ती
JSSC ने विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत JILCCE-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में हेल्थ सुपरवाइजर, जूनियर रीजनल इन्वेस्टिगेटर, मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर, वेटरिनरी/मेडिकल असिस्टेंट, इंसेक्ट कलेक्टर और फिशरीज टेक्निकल असिस्टेंट समेत विभिन्न पद शामिल हैं। कुल 326 नियमित रिक्तियां भरी जानी हैं।
![]()
ऑनलाइन आवेदन की संशोधित प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी और उम्मीदवार 4 सितंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम समय में तकनीकी परेशानी से बचने के लिए आवेदन जल्द पूरा कर लें।
12वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
JILCCE-2026 के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास रखी गई है। हालांकि, अलग-अलग पदों के लिए विषयवार योग्यता निर्धारित है। कुछ पदों के लिए साइंस, मैथ्स या लाइफ साइंस जैसे विषयों की शर्त लागू है। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित पद की विस्तृत पात्रता जांचने की सलाह दी गई है।
आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। सामान्य और EWS पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष है। EBC-I और BC-II वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष, सामान्य/EWS/EBC-I/BC-II महिला उम्मीदवारों के लिए 38 वर्ष और SC/ST वर्ग के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष तक की आयु सीमा निर्धारित है। नियमों के अनुसार पात्र उम्मीदवारों को अतिरिक्त आयु छूट भी मिल सकती है।
आवेदन शुल्क और आगे की तारीखें
आवेदन शुल्क सामान्य, EWS और अन्य निर्धारित श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए ₹100 है। झारखंड राज्य के SC/ST उम्मीदवारों के लिए शुल्क ₹50 निर्धारित किया गया है। झारखंड के 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले PwBD उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
JSSC की संशोधित समय-सारिणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर है। परीक्षा शुल्क का भुगतान करने तथा फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के लिए उम्मीदवारों को 5 सितंबर तक का समय मिलेगा। आवेदन में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 6 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक खुलेगी।
प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन, झारखंड राज्य से संबंधित सामान्य ज्ञान, सामान्य गणित, सामान्य विज्ञान और मानसिक क्षमता से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी है। उपलब्ध परीक्षा विवरण के अनुसार प्रत्येक सही उत्तर के लिए तीन अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर के लिए एक अंक काटा जाएगा। उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया और पदवार पात्रता की पूरी जानकारी के लिए JSSC की आधिकारिक अधिसूचना जरूर देखनी चाहिए।
अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदन फॉर्म और शुल्क भुगतान की रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी जाती है। परीक्षा की तारीख और एडमिट कार्ड से संबंधित आगे की जानकारी JSSC की ओर से जारी की जाएगी।









