प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद 11 लोगों की मौत हुई। मामले में इंस्पेक्टर समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित किए गए, जबकि फैक्ट्री मालिक नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
Prayagraj: प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे में 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हुई है। फैक्ट्री मालिक नौशाद को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। लापरवाही के आरोप में इंस्पेक्टर समेत 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है, जबकि घटनास्थल पर मलबा हटाने और फोरेंसिक जांच का काम जारी है।
लापरवाही के आरोप में 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड
विस्फोट के मामले में प्रयागराज IG अजय कुमार मिश्रा ने पिपरी के पूर्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवचरण राम समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। इनमें 6 दरोगा भी शामिल हैं। एक दिन पहले तीन दरोगाओं को लाइन हाजिर और दो बीट सिपाहियों को निलंबित किया गया था।
![]()
प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने बताया था कि पटाखा फैक्ट्री करीब दो साल से चल रही थी और उसका लाइसेंस भी रद्द हो चुका था। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फैक्ट्री मालिक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
फैक्ट्री मालिक नौशाद को पुलिस ने मंगलवार तड़के घेराबंदी के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, नौशाद ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसके पास से अवैध तमंचा बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट के बाद वह कहां छिपा था और किन लोगों ने उसकी मदद की।
हादसे के बाद नौशाद के घर पर गुस्साए लोगों ने पथराव भी किया। घर के शीशे टूट गए, हालांकि उस समय मकान पर ताला लगा हुआ था। पुलिस ने मामले में नौशाद के अलावा उसके बेटे आदिल, पत्नी कहकशा बानो, भाई शकील, भाभी शबाना और भतीजी साइना के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मलबे में तलाश जारी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
विस्फोट के बाद फैक्ट्री पूरी तरह ढह गई थी और आसपास के कई मकान भी प्रभावित हुए। पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF के करीब 200 जवानों ने लगभग 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मलबा हटाने के लिए 10 बुलडोजर लगाए गए।
मंगलवार को भी बुलडोजर से मलबा हटाया जा रहा है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। कुछ परिजन अब भी मलबे में अपने लापता परिजनों की तलाश कर रहे हैं। सरजू दास ने बताया कि उनके बेटे का एक पैर पोस्टमॉर्टम हाउस में मिला है, लेकिन धड़ अभी नहीं मिला।
हादसे में मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। 3 शवों का पोस्टमॉर्टम प्रयागराज और 8 शवों का कौशांबी में होना है। विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बिजली का खंभा गिरने के बाद बारूद में धमाका होने की बात कही थी।
विस्फोट के बाद फैक्ट्री से करीब 400 मीटर दूर स्थित नौशाद के पटाखा गोदाम को भी बुलडोजर से ढहा दिया गया। वहीं, करीब 594 मीटर दूर प्रयागराज-कानपुर रेल मार्ग की OHE लाइन भी प्रभावित हुई थी, जिससे ट्रेनों का संचालन लगभग डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। इंजीनियरों ने मरम्मत के बाद रेल परिचालन बहाल किया।
प्रधानमंत्री राहत कोष और राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया गया है। मामले में फैक्ट्री के लाइसेंस, संचालन, स्टोरेज और पुलिस स्तर पर हुई कथित लापरवाही की जांच जारी है।









