प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और इसे केरल के विकास के लिए बड़ा दिन बताया।
तिरुवनंतपुरम: केरल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान राज्य के विकास और नई परियोजनाओं के शुभारंभ ने सियासी और प्रशासनिक दोनों ही स्तर पर उत्साह बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इस मौके पर पीएम मोदी की खुले तौर पर तारीफ की और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि यह दिन केरल के लिए गर्व और खुशी का दिन है। उन्होंने पीएम मोदी को 'ईश्वर के अपने देश' में स्वागत करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
विजयन ने जताया पीएम मोदी के प्रति आभार
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान उद्घाटन और शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में CSIR-NIIST इनोवेशन हब, पूजप्पुरा हेड पोस्ट ऑफिस का नया भवन और PM SVANIDHI योजना शामिल हैं। इस योजना के तहत राज्य में एक लाख लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड और लोन वितरित किए जा रहे हैं। विजयन ने कहा, “प्रधानमंत्री ने तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
यह केरल के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये राज्य को पड़ोसी राज्यों से बेहतर जोड़ेंगी। हम लंबे समय से केंद्र सरकार से इन परियोजनाओं के लिए मंजूरी मांग रहे थे, और आज इसका कार्यान्वयन होने पर हमें बहुत संतोष और खुशी मिल रही है।”
पीएम मोदी ने केरल को दी 4 नई ट्रेन सेवाओं की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में चार नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं:
- नागरकोइल–मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस
- तिरुवनंतपुरम–तंबरम अमृत भारत एक्सप्रेस
- तिरुवनंतपुरम–चार्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
- साथ ही, त्रिशूर–गुरुवायूर पैसेंजर ट्रेन की भी शुरुआत की गई।
ये ट्रेनें केरल को तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से बेहतर तरीके से जोड़ेंगी, जिससे राज्य के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
पीएम मोदी ने कई अन्य प्रोजेक्ट्स का भी किया शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने PM SVANIDHI योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड जारी किए और एक लाख लाभार्थियों को लोन वितरण की सुविधा दी। इसके अलावा, CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप हब का शिलान्यास किया गया, जो राज्य में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगा।इस मौके पर पूजप्पुरा हेड पोस्ट ऑफिस का नया भवन भी उद्घाटित किया गया, जिससे बेहतर पोस्टल और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ आम जनता को मिलेगा।
यह भव्य कार्यक्रम पुथिरिकंडम मैदान, तिरुवनंतपुरम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, राज्य मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से यह विकास कार्य और परियोजनाएं केरल को नई दिशा प्रदान करेंगी।











