क्रिप्टो निवेशकों का भारी नुकसान, 24 घंटे में 6% से ज्यादा गिरावट, देखें रिकॉर्ड

ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट में 24 घंटे में 6% से ज्यादा गिरावट, बिटकॉइन समेत प्रमुख क्रिप्टो टोकन्स ने किया भारी नुकसान, निवेशकों की संपत्ति 17 लाख करोड़ स्वाहा।

ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट में पिछले 24 घंटे में 6% से ज्यादा गिरावट आई। बिटकॉइन, एथेरियम और रिपल सहित कई प्रमुख क्रिप्टो प्रभावित हुए। निवेशकों की 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति स्वाहा हो गई।

Crypto Market: दुनिया की क्रिप्टोकरेंसी मार्केट पिछले 24 घंटे में निवेशकों के लिए किसी ब्लैक डे से कम नहीं रही। अचानक हुई भारी बिकवाली के कारण पूरे ग्लोबल मार्केट में हड़कंप मच गया। सिर्फ एक दिन में निवेशकों की 17 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति हवा हो गई। इस गिरावट ने साबित कर दिया कि क्रिप्टो जितनी चमकदार दिखती है, उतनी ही जोखिम भरी भी है।

क्रिप्टो कैप में 6% से ज्यादा की गिरावट

पिछले कई दिनों से क्रिप्टो में कमजोरी बनी हुई थी, लेकिन यह धक्का अब तक का सबसे बड़ा रहा। कॉइनमार्केटकैप के अनुसार गुरुवार सुबह 9:30 बजे क्रिप्टो मार्केट कैप 3.14 लाख करोड़ डॉलर था, जो शुक्रवार सुबह तक गिरकर 2.95 लाख करोड़ डॉलर रह गया। यानी सिर्फ 24 घंटे में 6% से ज्यादा की गिरावट आई और निवेशकों का लगभग 0.19 लाख करोड़ डॉलर यानी करीब 17 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गया। मार्केट में डर का माहौल इतना गहरा है कि फियर एंड ग्रीड इंडेक्स 11 तक गिर गया, जो दिखाता है कि निवेशक बड़े पैमाने पर सेलिंग कर रहे हैं।

बिटकॉइन भी नहीं बचा

क्रिप्टो मार्केट का सबसे बड़ा नाम बिटकॉइन भी इस गिरावट से अछूता नहीं रहा। बीते 24 घंटों में बिटकॉइन 7% से ज्यादा टूटकर 86,000 डॉलर के नीचे आ गया। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे यह 85,750 डॉलर पर ट्रेड कर रहा था। सिर्फ एक दिन में ही नहीं, बिटकॉइन पिछले सात दिनों में 13% से ज्यादा गिर चुका है।

एथेरियम, रिपल और सोलाना में भी भारी नुकसान

अन्य प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी जैसे एथेरियम, रिपल, सोलाना और कार्डानो भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

इथेरियम 7.53% गिरकर 2,799 डॉलर पर, रिपल (XRP) 7% गिरकर 1.97 डॉलर पर, सोलाना 7.28% गिरकर 132 डॉलर पर और कार्डानो 7.87% गिरकर 0.42 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है। कॉइनमार्केटकैप के अनुसार टॉप 100 क्रिप्टो सभी लाल निशान में हैं और कई टोकन्स में 10-20% की गिरावट दर्ज की गई है।

क्रैश की वजह क्या मानी जा रही है?

मार्केट एनालिस्ट्स के अनुसार इस बड़ी बिकवाली के पीछे कई कारण हैं। निवेशकों का जोखिम उठाने का मूड कमजोर होना, टाइट फाइनेंशियल कंडीशंस, बढ़ती ट्रेजरी यील्ड और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती में देरी जैसी आशंकाएं मुख्य कारक हैं। इन मैक्रोइकोनॉमिक फैक्टर्स ने हाई-वोलैटिलिटी एसेट्स को सबसे ज्यादा प्रभावित किया और इसका असर क्रिप्टो मार्केट पर साफ दिखा।

Leave a comment