मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नर चीतों के गठबंधन का अनोखा व्यवहार देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार साथ रहने, शिकार करने और क्षेत्र की रक्षा करने से उनकी उत्तरजीविता की संभावना बढ़ जाती है।
श्योपुर: Kuno National Park में नर चीतों के बीच बनने वाले मजबूत गठबंधन (कोएलिशन) वन्यजीव विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। बचपन से साथ रहने वाले नर चीते बड़े होने के बाद भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ते। वे मिलकर शिकार करते हैं, अपने क्षेत्र की रक्षा करते हैं और खतरों का सामना भी सामूहिक रूप से करते हैं।
बचपन की दोस्ती जीवनभर निभाते हैं नर चीते
कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नर चीतों का सामाजिक व्यवहार उनकी सबसे खास विशेषताओं में शामिल है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार नर चीते अक्सर अपने सगे भाइयों या बचपन के साथियों के साथ मजबूत गठबंधन बनाते हैं। यह रिश्ता उनके वयस्क होने के बाद भी बना रहता है और वे अधिकांश समय एक-दूसरे के साथ ही बिताते हैं।
![]()
कूनो में गौरव-शौर्य, अग्नि-वायु और प्रभाष-पावक जैसे नर चीतों के जोड़े लंबे समय से साथ रहकर इस व्यवहार का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं मादा चीता ज्वाला के दो नर शावकों में भी ऐसा ही गहरा जुड़ाव विकसित होता दिखाई दे रहा है।
मिलकर शिकार और क्षेत्र की सुरक्षा
विशेषज्ञों का कहना है कि यह गठबंधन केवल साथ रहने तक सीमित नहीं होता, बल्कि उनके अस्तित्व और सुरक्षा से भी जुड़ा होता है। गठबंधन में रहने वाले नर चीते बड़े शिकार पर एक साथ हमला करते हैं और शिकार को आपस में साझा भी करते हैं। इसके अलावा वे अपने क्षेत्र की निगरानी सामूहिक रूप से करते हैं और किसी भी संभावित खतरे का मिलकर सामना करते हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार समूह में रहने वाले नर चीतों के जीवित रहने की संभावना अकेले रहने वाले चीतों की तुलना में अधिक होती है। साथ ही वे अपने क्षेत्र पर लंबे समय तक नियंत्रण बनाए रखने में भी सफल रहते हैं।
बाहरी दखल पर हो सकते हैं आक्रामक
नर चीतों के बीच बनने वाला यह गठबंधन इतना मजबूत होता है कि वे अपने समूह में किसी बाहरी सदस्य की मौजूदगी आसानी से स्वीकार नहीं करते। विशेषज्ञों के अनुसार कई बार बाहरी चीते के प्रवेश पर वे आक्रामक व्यवहार भी दिखा सकते हैं।
पिछले कुछ महीनों में कूनो राष्ट्रीय उद्यान में गौरव-शौर्य के क्षेत्र में पहुंची एक मादा चीता पर हमला हुआ था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि गठबंधन में रहने वाले नर चीते अपने क्षेत्र और समूह की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहते हैं और बाहरी हस्तक्षेप को खतरे के रूप में देख सकते हैं।
संरक्षण में भी मिल रही अहम जानकारी
कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के व्यवहार का अध्ययन संरक्षण परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि नर चीतों के सामाजिक संबंधों और उनके गठबंधन को समझने से भविष्य में उनके बेहतर संरक्षण, प्रबंधन और प्रजनन कार्यक्रमों की योजना बनाने में मदद मिलेगी। यही कारण है कि कूनो में चीतों की गतिविधियों पर लगातार वैज्ञानिक निगरानी रखी जा रही है।









